Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

श्रीलंका में अनाज खरीदने के लिए घर के गहने बेच रहे लोग, सोने की कीमत दो लाख के पार


कोलंबो, । श्रीलंका की खस्ताहाली का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि लोग अनाज व अन्य जरूरी दैनिक सामान खरीदने के लिए घर के गहने बेचने को मजबूर हो गए हैं। कोलंबो के सबसे बड़े सराफा बाजार कोलंबो गोल्ड सेंटर के कई कारोबारियों ने बताया कि लोगों को दैनिक सामान की खरीद के लिए गहने बेचने पड़ रहे हैं। कारोबारी सिल्वा के अनुसार, ‘हमने श्रीलंका में ऐसा संकट पहले कभी नहीं देखा। श्रीलंकाई मुद्रा की कीमत में ऐतिहासिक गिरावट के बाद गहनों के खरीदारों की संख्या बहुत कम हो गई है और बेचने वालों की बहुत ज्यादा।’

श्रीलंका 1948 में आजादी मिलने के बाद से अबतक के सबसे भीषण आर्थिक व राजनीतिक संकट का सामना कर रहा है। श्रीलंकाई रुपया सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन चुकी है। शनिवार को एक श्रीलंकाई रुपया की कीमत 315 डालर थी। निजी मनी एक्सचेंज तो एक डालर के लिए 345-380 श्रीलंकाई रुपये तक चार्ज कर रहे हैं। 24 कैरेट सोने की कीमत 2.05 लाख श्रीलंकाई रुपये तक पहुंच गई है।