News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

संसद में तनातनी के बाद स्मृति ईरानी पर भड़कीं सोनिया गांधी; सदन में हमलावर हुई थीं भाजपा नेता


नई दिल्ली, । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी पर जमकर हंगामा हो रहा है। संसद के बाहर और अंदर इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेता कांग्रेस पर लगातार हमला बोल रहे हैं। लोकसभा और राज्यसभा में भी आज इसको लेकर जोरदार हंगामा हुआ। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। अधीर रंजन की टिप्पणी को लेकर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग की।

सदन में स्मृति ईरानी और सोनिया गांधी के बीच तीखी बहस भी हुई है। एक टीवी रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया गांधी ने स्मृति ईरानी से कहा, “You don’t talk to me”। बता दें कि संसद में भारी हंगामे के चलते कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया।

वहीं, सोनिया और स्मृति के बीच हुई बहस के बारे में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी जानकारी दी है। निर्मला ने कहा, ‘हमारे कुछ लोकसभा सांसदों को खतरा महसूस हुआ जब सोनिया गांधी हमारी वरिष्ठ नेता रमा देवी के पास यह जानने के लिए आईं कि क्या हो रहा था, इस दौरान हमारा एक सदस्य वहां पहुंचा और उन्होंने (सोनिया गांधी) कहा “You don’t talk to me”

वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने स्मृति ईरानी पर अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया है। जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, ‘आज लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार किया! लेकिन क्या स्पीकर इसकी निंदा करेंगे? क्या नियम सिर्फ विपक्ष के लिए होते हैं?’

अधीर रंजन ने दिता था विवादित बयान

दरअसल, अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अधीर ने अपने बयान पर सफाई भी दी है। उन्होंने कहा, ‘दो दिन से जब हम विजय चौक के तरफ जा रहे थे। हमसे पूछा जा रहा था कि आप कहा जा रहे हैं। हम उनसे कह रहे थे कि हम राष्ट्रपति भवन जाना चाहते हैं और राष्ट्रपति से चाहते हैं। कल मुझसे गलती से ये शब्द निकला था।’ अधीर ने आगे कहा कि मैं जानता हूं कि भारत की राष्ट्रपति चाहे कोई भी हो वे हमारे लिए राष्ट्रपति ही हैं। ये शब्द बस एक बार निकला है। ये चूक हुई है, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के कुछ लोग राई का पहाड़ बना रहे हैं।

सोनिया गांधी से इस्तीफे की मांग

संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही गुरुवार को स्मृति ईरानी का रौद्र रूप देखने को मिला। स्मृति ईरानी ने अधीर रंजन की टिप्पणी पर बोलते हुए कांग्रेस पर जमकर शब्द बाण चलाए। स्मृति ने कहा, ‘सोनिया गांधी, आपने द्रौपदी मुर्मू के अपमान को मंजूरी दी। सोनिया जी ने सर्वोच्च संवैधानिक पद पर महिला के अपमान को मंजूरी दी।’ केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि राष्ट्रपति पद का उम्मदीवार बनते ही द्रौपदी मुर्मु कांग्रेस पार्टी के घृणा का केंद्र बन गईं। कांग्रेस नेताओं ने मुर्मू को कठपुतली कहा है।