पटना

सर्द हवा से ठिठुरा बिहार


पटना (आससे)। हिमालयी क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवा पूरे बिहार में लोग ठिठुर रहे हैं। जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालत यह है कि तेज पछुआ हवा के कारण दिन में भी लोग कांपते रहे। रात के समय स्थिति और विकराल हो जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरी करने वालों को हो रही है। एक दर्जन से ज्यादा जिलों में पारा दस डिग्री से नीचे चला गया है। बुधवार को नवादा 7.6, बांका में 8, गया और नालंदा में 8.2, बेगूसराय में 9.2, खगडिय़ा में 9.3, औरंगाबाद में 9.5, भागलपुर, अररिया, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में 9.6, पटना और सीतामढ़ी में पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस चल गया।

भागलपुर में दिन में 17.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, लेकिन बुधवार को दिन में लोगों को 14.0 डिग्री सेल्सियस व रात में छह से सात डिग्री सेल्सियस वाली ठंड का अहसास हुआ। यदि हम हवा एवं तापमान का संयुक्त प्रभाव देखें तो पांच किमी की हवा के प्रवाह के कारण शरीर को महसूस होने वाला तापमान दर्ज किये गये तापमान से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम होता है।

पांच से सात किमी प्रति घंटे की हवा के प्रवाह के कारण आठ डिग्री सेल्सियस का तापमान छह डिग्री सेल्सियस महसूस होता है। जिसे हम सामान्य भाषा में कनकनी कहते हैं। ऐसे में बुधवार की रात में बर्फीली ठंड का अहसास हुआ और दिन में घर से बाहर निकले लोगों को सर्द पछुआ हवा ने हिला दिया। भारतीय मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों में दिन की ठंड तो कम होगी लेकिन रात में ऐसी ही कड़ाके की ठंड पड़ेगी।


भीषण ठंड की चेतावनी

फुलवारीशरीफ (पटना)। राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में भी भीषण शीतलहरी के बीच ठंड में तेजी से बढ़ोत्तरी के आसार मौसम विभाग ने जताया है। मौसम विभाग ने भीषण ठंड की चेतावनी देते हुए 25, 26, 27, 28, 29 व 30 जनवरी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। कोई मौसम विभाग ने लोगों से ठंड से बचने और घरों में रहकर सुरक्षित रहने की अपील भी की है। साथ में पूरे बिहार में तापमान में तेजी से गिरावट होने का आशंका जाहिर किया गया है। न्यूनतम तामपान 3 तक पहुंचने की संभावना जाहिर की गयी है। बुधवार को भी पटना सहित बिहार के तमाम जिलों में लोक बर्फीली हवाओं और ठंड से ठिठुरते नजर आये। आसमान में धुंध व कोहरे की चादर से सूर्य के दर्शन खुले रूप में नहीं हो पाया।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार में अभी ठंड का कहर जारी रहेगा। कहीं-कहीं कोल्ड डे की भी स्थिति बन सकती है। पिछले दो दिनों से हाड़ कंपाने वाली कनकनी से लोग हलकान हैं। वहीं अगले तीन दिनों तक इससे राहत की कोई गुंजाइश भी नहीं है। साथ ही बारिश की भी संभावना है। दरअसल कृषि मौसम विज्ञान केंद्र पूसा के पिछले कुछ दिनों के जारी अधिकतम व न्यूनतम तापमान के आंकड़ें से पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड टूटता दिख रहा है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ ए सत्तार के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम जहां शुष्क बना रहेगा, वहीं कनकनी व शीतलहर से राहत की उम्मीद नहीं है। वहीं एक दो दिनों में पूरबा हवा चलने से 21-22 जनवरी को वर्षा की संभावना है। उत्तर बिहार में अभी ठंड का कहर जारी रहेगा। कहीं-कहीं कोल्ड डे की भी स्थिति बन सकती है। उत्तर एवं पश्चिमी बिहार में ज्यादा ठंड होने की संभावना है। मौसम विज्ञानिक डा. ए सत्तार के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की पूर्ण सक्रियता व ध्रुवीय क्षेत्र से ठंडी हवा के बहाव के कारण उत्तर बिहार में कड़ाके की ठंड हो रही है। न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट होगी।


बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन के तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी तो रात के तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस तक का मामूली सुधार हुआ। बुधवार को अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य तामपान से क्रमश: छह व दो डिग्री सेल्सियस कम रहा।

रात की ओस व सुबह में छायी धुंध के कारण बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे 95 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 86 प्रतिशत पर पहुंच गयी। जबकि दिन भर 16.5 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पछुआ हवा चली।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को प्राप्त सांख्यिकी मॉडल एवं उपग्रहीय तस्वीरों से पता चलता है कि सतह से 0.9 किमी ऊपर तक भागलपुर में पछुआ हवाओं का प्रवाह बना हुआ है, जिसकी औसत रफ्तार 16.5 किमी तक है। ऐसे में बुधवार को दिन में 14 डिग्री सेल्सियस व रात के तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस जैसी ठंड का अहसास हुआ। अगले दो दिन के मौसम की बात करें तो इस दौरान दिन के मौसम में तो सुधार होगा, लेकिन रात में ऐसी ही ठंड का अहसास होगा।