लखनऊ

सहारनपुर: प्रियंका गांधी ने शाकुंभरी देवी मंदिर में टेका माथा, पूजा-अर्चना के बाद किसानों की पंचायत में शामिल होंगी


सहारनपुर. ‘जय जवान, जय किसान’ अभियान की शुरुआत करने सहारनपुर पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने अलग अंदाज में दिखाई दी. प्रियंका गांधी यहां सबसे पहले शाकुंभरी देवी मंदिर पहुंचीं. प्रियंका ने मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना की. इस दौरान प्रियंका के गले में चुन्नी और हाथ में लाल कपड़ा था. इस दौरान उनके साथ यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी साथ थे.

बता दें कि इससे पहले देहरादून एयरपोर्ट पहुंची प्रियंका के हाथों में ‘तस्बीह’ और ‘माला’ दिखी. बताया जा रहा है कि अपने एक करीबी के कहने पर प्रियंका ने ये ‘तस्बीह’ और ‘माला’ रखनी शुरू की हैं.

सहारनपुर से होगी अभियान की शुरुआत
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेशभर में ‘जय जवान-जय किसान’ अभियान शुरू कर रही है. इसी सिलसिले में प्रियंका सहारनपुर पहुंची हैं. प्रियंका यहां किसानों के साथ पंचायत में शामिल होंगी. ये पंचायत चिलखाना में बुलाई गई है.