Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

साइक्लोन ‘तौकते’ से ऐसे लड़ेगा भारत, जानिए केंद्र सरकार की कैसी है तैयारी


  • नई दिल्ली। देश भर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। इस बीच एक और संकट ने दस्तक दे दी है। इस मुसिबत का नाम है चक्रवात ‘तौकते’ (Cyclone Tauktae)। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के ऊपर बनने वाला एक चक्रवात देश के तटवर्ती राज्‍यों में खासा नुकसान पहुंचा सकता है। इसके लिए भारत के तटीय राज्यों में तौकते चक्रवात की चेतावनी दी गई है।

ऐक्शन में PM मोदी
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) चक्रवात ‘तौकते’ से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसकी जानकारी खुद सरकारी सूत्रों ने दी है। उनके मुताबिक इस बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अधिकारियों समेत केंद्र सरकार के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।

IMD ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहा कि अरब सागर में बने दबाव के क्षेत्र के 17 मई को ‘अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान’ में तब्दील होने और एक दिन बाद इसके गुजरात तट को पार करने की संभावना है। मौसम स्थिति गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गई है और इसके शनिवार सुबह तक चक्रवाती तूफान ‘तौकते’ में तब्दील होने की संभावना है। फिर इसके शनिवार रात तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।