पटना

सासाराम: २४ किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बोलेरो गाड़ी जब्त


सासाराम (आससे)। रोहतास पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्यवाई करते हुये दो गांजा तस्कर को २४ किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। उनकी बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली वहीं दो भागने में सफल रहे। इसकी जानकारी देते हुये एसपी आशीष भारती ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि गांजा तस्कर डिहरी से रामपुर नहर होते हुये भारी मात्रा में गांजा छोटका मोर गांव बिक्री के लिए ले जा रहे है।

मामले की गंभीरता से लेते हुये अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सासाराम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने रामपुर नहर की मोर्चा बंदी कर दी एक संदिग्ध बोलेरो को रोकने का प्रयास किया तो वो तेजी से भागने लगा और नहर की पुलिया से टकरा गया। उसके बाद चार लोग गाड़ी से उतर भागने लगे जिसमें दो व्यक्ति को खदेड़ कर पकड़ा व दो भागने में सफल रहे।

पकड़े गये अभियुक्तों में छोटका मोड़ गांव निवासी नागेन्द्र पाण्डेय पिता लक्ष्मण पाण्डेय और अजीत कुमार पाण्डेय, पिता नंदेश्वर पाण्डेय है। जब्त उनकी बोलेरो गाड़ी की जांच की गयी तो १३ पैकेट में रखे २४ किलो गांजा बरामद हुआ। पूछ-ताछ में दोनों ने बताया कि हमलोग गांजा तस्करी का काम करते है। फरार दो तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।