पटना

सैनिकों के शौर्य पराक्रम पर हमें गर्व है : राज्यपाल


बिहार एवं पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने किया मेजर जनरल राजपाल पुनिया की लिखित पुस्तक ‘ऑपरेशन खुकरी’ का लोकार्पण

पटना (आससे)। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने आज राजभवन स्थित दरबार हॉल में मेजर जनरल राजपाल पुनिया द्वारा लिखित पुस्तक ‘ऑपरेशन खुकरी’ का लोकार्पण किया।

लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल श्री चौहान ने कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा तथा इसकी सम्प्रभुता, एकता एवं अखंडता की रक्षा करने के अतिरिक्त आंतरिक सुरक्षा बनाये रखने तथा विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य अवसरों पर नागरिक प्रशासन को सक्रिय सहयोग प्रदान करने में भारतीय सेवा का महत्वपूर्ण योगदान है और उसने धैर्य, अदम्य साहस और बहादुरी के साथ अपनी विभिन्न भूमिकाओं का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। हमारे सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और वीरता तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए उनके त्याग और बलिदान का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है तथा हमें उनपर गर्व है।

इस ऑपरेशन की चर्चा करते हुए राज्यपाल श्री चौहान ने कहा कि भारतीय सैनिकों द्वारा अन्य देशों के सैनिकों के साथ सिएरा लियोन के जंगलों में शुरू किये गये एक संयुक्त अभियान के दौरान २३३ भारतीय शांति सैनिकों को वहां के क्रांतिकारी संयुक्त कोरचा के विद्रोही गुट के आक्रमण से सुरक्षित निकालने की चुनौती थी, किन्तु अन्य सभी देशों के सैनिकों ने विद्रोहियों के सामने हथियार डाल दिये। ऐसी विषम परिस्थिति में जांबाज भारतीय सैनिकों ने मेजर राजपाल पुनिया के नेतृत्व में ७५ दिनों तक डटकर मुकाबला किया और खूंखार संगठन के विद्रोहियों को उसी के घर में हराकर वापस लौट आये।

राज्यपाल श्री चौहान ने कहा कि पश्चिम अफ्रीका के सिएरा लियोन में अत्यंत कठिन चुनौतियों के बीच और शत्रुततापूर्ण वातावरण में हमारी सेना द्वारा हासिल की गयी इस बड़ी उपलब्धि के बारे में लोगों को कम जानकारी थी, किन्तु लोकार्पित पुस्तक ‘ऑपरेशन खुकरी’ के माध्यम से मेजर जनरल राजपाल पुनियाने भारतीय सेना के अदम्य साहस और बहादुरी की इस गाथा को देशवासियों के सामने लाने का एक सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक को हिन्दी सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रकाशित कराया जाना चाहिए ताकि अधिकाधिक लोग इसे पढ़कर प्रेरणा ले सकें।

लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा कि देश के बाहर किसी सैन्य अभियान का संचालन काफी चुनौतीपूर्ण होता है। ‘ऑपरेशन खुकरी’ देश के प्रति प्रेम और त्याग का अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिस परिस्थिति में महाराणा प्रताप को घास की रोटी खानी पड़ी थी, वैसा ही परिस्थिति का सामना ‘ऑपरेशन खुकरी’ के दौरान मेजर पुनिया को करना पड़ा था।

कार्यक्रम को पुस्तक के लेखक मेजर जनरल राजपाल पुनिया, मुख्यालय, पूर्वी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल के.के. रेप्सवाल, सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी एवं अन्य लोगों ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर, पश्चिम बंगाल सुदेश धनखड़, महामहिम राज्यपाल, बिहार के सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू, मुख्यालय, मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल एस. मोहन, मुख्यालय एवं अन्य लोग उपस्थित थे।