Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

सैन्य खरीद में भारत की विविधता से अमेरिका उत्साहित, रूस से एस-400 मिसाइल खरीद पर जताई चिंता


वाशिंगटन, प्रेट्र। भारत अपनी सैन्य खरीद में विविधता ला रहा है। रक्षा उपकरणों की खरीद में इस विविधता से अमेरिका भी उत्साहित है। अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान पेंटागन ने यह बात कही है। हालांकि, पेंटागन ने रूस से एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली खरीदने के भारत के फैसले पर चिंता भी जताई है। पेंटागन के प्रेस सचिव जान किर्बी ने कहा, ‘पिछले एक दशक में भारत ने अपने रक्षा उपकरणों की खरीद में जैसी विविधता दिखाई है, उसे लेकर हम उत्साहित हैं। इसलिए हम भारत की बदलती जरूरतों के हिसाब से बातचीत जारी रखेंगे।’

वहीं एस-400 की खरीद पर उन्होंने कहा, ‘इस खरीद को लेकर अपनी चिंता के बारे में हमने भारत से बताया है। हम अन्य कई देशों से भी आग्रह कर रहे हैं कि रूस से हथियार न खरीदें।’ अक्टूबर, 2018 में भारत ने एस-400 के लिए रूस के साथ पांच अरब डालर के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते के तहत भारत पांच यूनिट्स खरीदेगा। उस समय तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सौदे पर आगे बढ़ने पर भारत पर प्रतिबंध का संकेत भी दिया था। हालांकि भारत सौदे से पीछे नहीं हटने के अपने रुख पर कायम रहा।