News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

सोमवार को दिल्ली सरकार ले सकती है बड़ा फैसला घुट रहा दिल्ली-NCR का दम; दोपहर में भी छाया स्मॉग


दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण से अब सांसों पर संकट आ गया है। हर सांस के साथ दिल्लीवाले पूरे दिन में 40-50 सिगरेट के बराबर धुआं फेफड़ों तक पहुंचा रहे हैं। गैस चेंबर में तब्दील हो चुकी दिल्ली ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बाहर क्या अब तो लोगों को घरों में भी सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन का सामना करना पड़ रहा है।

दीपावाली में 9 दिन बचे हैं, लेकिन दिल्ली-एनसीआर की हवा अभी से दमघोंटू हो गई है और सभी शहर रेड जोन में पहुंच गए हैं। इस सीजन में दिल्ली के एक्यूआई ने 800 का आंकड़ा भी पार कर दिया है। सुबह-सुबह जहां लोधी रोड का एक्यूआई 500 के पार पहुंच गया, वहीं सुबह 10 बजे के आसपास आनंद विहार का एक्यूआई 865 मापा गया। वहीं नोएडा सेक्टर-62 का वायु गुणवत्ता सूचकांक 558 दर्ज किया गया।

3 Nov 20231:52:38 PM

गोपाल राय ने बैठक के बाद पीसी कर बताया क्या लिए गए फैसले

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज अधिकारियों के साथ बैठक की और इस दौरान कई फैसले लिए गए। बैठक के बाद गोपाल राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दिल्ली में एक्यूआई 400 पार कर गया है। ग्रेप 3 लगाया गया है। इसकी पाबंदियां लगाई गई हैं। इसे लेकर आज अधिकारियों के साथ बैठक की है। दिल्ली सरकार ने कठोर कदम उठाए हैं। दिल्ली में 5 तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। निर्माण कार्य बंद कर दिए गए हैं। बीएस3 पेट्रोल और बीएस 4 डीजल के वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

3 Nov 20231:03:38 PM

फरीदाबाद में 400 के पार पहुंचा AQI

दोपहर बाद भी औद्योगिक नगरी फरीदाबाद स्मॉग की चादर में लिपटी हुई है। यह दृश्य दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग का है। बल्लभगढ़ में इस समय वायु गुणवत्ता सूचकांक 395 है। फरीदाबाद में एनआईटी में और सेक्टर 16-A में वायु गुणवत्ता सूचकांक 480 के पार पहुंच गया है।

 

3 Nov 202312:41:19 PM

दिल्ली के लोगों को बदनाम करना ठीक नहीं : सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा, दिल्ली के लोगों को बदनाम करना ठीक नहीं है। दिल्ली ही केवल ऐसा राज्य है, जहां डीजल जनरेटर बैन है। नोएडा और गुरुग्राम में ज्यादातर बिजली जनरेटर से ही आती है। दिल्ली में स्टोन क्रशिंग बैन है। दिल्ली में सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसें चलती हैं। क्या हरियाणा और यूपी में इलेक्ट्रिक बसें हैं? हम सबकुछ कर रहे हैं। पंजाब में पराली जलने के नंबर सबके सामने हैं। यह पिछले सालों की तुलना में कम हुआ है। क्या केंद्र की कोई जिम्मेदारी नहीं है?

3 Nov 202312:34:21 PM

दिल्ली में नहीं है नोएडा, गुरुग्राम जैसी स्थिति

दिल्ली के प्रदूषण की स्थिति को लेकर मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा प्रदूषण की जो भयावह स्थिति नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में है, वैसी दिल्ली में नहीं है।

3 Nov 202311:41:32 AM

दिल्ली में लगातार बढ़ रहे सांस के मरीज

राजधानी में बढ़ते प्रदूषण की वजह से अस्पतालों में सांस संबंधी रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी चेस्ट अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ग्लैडबिन त्यागी ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में जहां 150 मरीज अधिकतर टीबी के आते थे, अब प्रदूषण बढ़ने से उनकी संख्या 225 तक पहुंच गई है। पिछले तीन दिनों से सूखी खांसी, आंखों में जलन, सांस संबंधी रोग, अस्थमा, आंखों से पानी आना जैसे रोगों के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं।

3 Nov 202311:39:49 AM

गोपाल राय ने आज दोपहर 12 बजे बुलाई बैठक

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, दिल्ली में हवा की गति बेहद कम है और तापमान भी कम होता जा रहा है। यही सब देखते हुए ग्रेप-3 के प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। हमने सभी संबंधित विभागों की बैठक आज 12 बजे बुलाई है। हम यह देख रहे हैं कि नीतियां भले ही बनाई जा रही हों लेकिन उनका ठीक से पालन नहीं हो रहा। यह एक बड़ी चुनौती है।

3 Nov 202311:34:04 AM

अगले 15 दिन दिल्ली के लिए क्रिटिकल : गोपाल राय

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि हम लगातार नीतियों पर काम कर रहे हैं। पिछले साल हमने 13-14 हॉटस्पॉट चिन्हित किए थे जहां लगातार प्रदूषण बढ़ रहा था। अब उनके नंबर 4-5 रह गए हैं। पूरी उत्तर भारत में ही इस प्रकार का एक्यूआई है। अगले 15 दिन दिल्ली के लिए बहुत चिंताजनक हैं।

3 Nov 202311:03:51 AM

केजरीवाल सरकार ने प्रदूषण रोकने के लिए कुछ नहीं किया- शहजाद पूनावाला

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली के प्रदूषण को लेकर कहा है कि अरविंद केजरीवाल के राज में दिल्ली गैस चेंबर बन गई है। उन्होंने यह निश्चित किया है कि बीते चार-पांच साल से एक्यूआई अपने उच्चतम स्तर पर रहे। उन्होंने प्रदूषण से निपटने के लिए कुछ नहीं किया। वह पहले पंजाब में पराली जलने को प्रदूषण के लिए कोसते थे। अब पंजाब में उनकी ही सरकार है लेकिन पंजाब में पराली जलने की घटनाएं बढ़ गईं हैं। उनकी सरकार अब केंद्र, यूपी और हरियाणा की सरकार को कोसेगी। आज दिल्लीवाले अगर सांस लेते हैं तो वह घातक है।

3 Nov 202310:50:14 AM

नेताजी सुभाष प्लेस के आसपास छाया घना स्मॉग

 बाहरी दिल्ली में भी इस वक्त हवा बेहद खराब स्थिति में है। नेताजी सुभाष प्लेस के पास रिंग रोड पर घना स्मॉग छाया हुआ है और उसी के बीच से वाहन गुजर रहे हैं। यह तस्वीर सुबह 10 बजे के बाद की है।

/

3 Nov 202310:45:20 AM

865 दर्ज हुआ आनंद विहार का एक्यूआई

दिल्ली के आनंद विहार का एक्यूआई आज सुबह करीब 10 बजे 865 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता का यह स्तर अपने आप में बेहद खतरनाक है।