News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

हिमाचल में भी उत्तराखंड माडल पर काम करेगी भाजपा, तीन मंत्रियों सहित कई विधायकों के बदल सकते हैं हलके


शिमला, । Himachal Election 2022, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तराखंड के माडल पर काम कर सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य शीर्ष नेता हिमाचल दौरों के दौरान विधायकों के टिकट कटने की बात कह चुके हैं। यह भी कहा जाता रहा है कि जिन मंत्रियों का प्रदर्शन भी संतोषजनक नहीं है तो विधानसभा क्षेत्र बदले जाएंगे। किन मंत्रियों व विधायकों के हलके बदले जाने हैं भाजपा कोर कमेटी की बैठक में इस पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन इनकी संख्या कितनी होगी, ये स्पष्ट नहीं है। हालांकि, चर्चा है कि तीन मंत्री व कई विधायक इस सूची में शामिल होंगे।

भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी ऐसा ही किया था। वहां मिले सकारात्मक परिणाम से पार्टी उत्साहित है। उत्तराखंड में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीत सरकार बनाई है। इसमें 20 विधायक पहली बार जीतकर आए हैं। पार्टी ने विधायकोंऔर मंत्रियों के टिकट काटकर नए चेहरों पर विश्वास किया था और सफलता भी मिली। इतना ही नहीं 12 विधायकों और मंत्रियों के हलके बदले थे। इनमें 10 को जीत मिली।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रदेश से लेकर भाजपा हाईकमान इसी माडल को हिमाचल में लागू कर रिवाज बदलने की तैयारी में है। हिमाचल भाजपा की कोर कमेटी से लेकर विधानसभा चुनाव के लिए गठित सभी समितियां इससे सहमत हैं। इसे लागू कैसे किया जाता है, यह देखना दिलचस्प होगा। हालांकि, विरोध की आशंका कम ही नजर आ रही है।

जयराम को सीएम बना चौंकाया था

हिमाचल में 2017 के विधानसभा चुनाव में दो बड़े परिवार सीएम की कुर्सी से दूर हुए थे। चुनाव भाजपा जीती थी, लेकिन मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार प्रेम कुमार धूमल अपनी सीट हार गए थे। उस समय भी भाजपा ने जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाकर सबको चौंका दिया था, क्योंकि उनका नाम संभावितों में भी नहीं था। कांग्रेस की हार के कारण वीरभद्र सिंह सातवीं बार मुख्यमंत्री नहीं बन पाए थे।

तीन मंत्रियों व कई विधायकों के बदले जाएंगे हलके

भाजपा कोर कमेटी की बैठक में पहले ही किन मंत्रियों के हलके बदले जाने हैं या फिर किन विधायकों को दूसरे हलके में चुनावी समर में उतारना है। इस पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन इनकी संख्या कितनी होगी, ये तो आने वाले समय ही तय करेगा। लेकिन हिमाचल में भाजपा चौकाने वाले कई फैसले आने वाले चुनावों के लिए प्रत्याशियों की जारी होने वाली लिस्ट में कर सकती है। इसमें तीन मंत्रियों के साथ कई विधायकों के नाम शामिल हो सकते हैं।