Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हिसार पुलिस और निगम कर्मियों से झड़प, वाहन पंक्चर करने के मामले में 150 हड़ताली कर्मचारियों पर केस दर्ज


हिसार: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान 27 अक्टूबर को अन्य लोगाें की टीम बनाकर सफाई करवाने पहुंचे निगम अधिकारियों और पुलिस के साथ हड़ताली कर्मियों की झड़प के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 150 हड़ताली कर्मचारियों पर केस दर्ज किया है। नगर निगम कमिश्नर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। निगम कमिश्नर ने आरोप लगाए है कि 150 हड़ताली कर्मचारियों ने पुलिस और निगम अधिकारियों सहित वहां मौजूद अन्य अधिकारियों का विरोध किया।

निगम और पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। मामले में नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर को हांसी की मार्केट कमेटी से डयूटी मजिस्ट्रेट आर लोहान, डीएसपी कप्तान सिंह, नगर निगम से सहायक अभियंता सुनील लाम्बा व अन्य द्वारा लिखित में दिया है कि 27 अक्टूबर को प्रातः सात बजे पुरी टीम कैमरी रोड पर गोयत अस्पताल के पास सफाई का कार्य करवाने के लिए पहुंची थी।

वहां पर मौजूद लगभग करीब 150 हड़ताली सफाई कर्मचारियों थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थी। पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद भी इन कर्मियों ने पुरी टीम का विरोध कर पथराव किया। जिससे एक ट्रैक्टर ड्राइवर चोटिल हो गया। मौके पर मौजूद निगम और पुलिस कर्मचारियो के साथ धक्का-मुक्की की गई तथा सफाई कर्मचारियों द्वारा एक जेसीबी और पांच ट्रैक्टर-ट्राली के टायरों में सूओं से पंचर कर दिया गया। मौके पर वीडियो भी बनाई गई थी।

निगम कमिश्नर ने शिकायत में बताया कि सफाई का कार्य अति महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य है और अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई है, जोकि एक गंभीर मामला है। कमिश्नर ने शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के जुर्म में अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध कार्रवाई करने की अपील की है। पुलिस ने शिकायत पर 150 हड़ताली कर्मचारियों पर दर्ज केस में 147/149/186/332/353/427 धाराएं लगाई है।