पटना

हुलासगंज: विषाक्त भोजन करने से 40 मजदूर हुए बीमार


विषाक्त भोजन और गुड़ का रस पीने से हुई फ़ूड पॉइजनिंग

हुलासगंज। प्रखंड क्षेत्र के सकीयामा मुसहरी में धान की रोपनी में गए मजदूरों को विषाक्त भोजन और गुड़ का रस पिलाने से फ़ूड प्वाइजनिंग के कारण 40 के आसपास लोग बीमार हो गए। सभी लोगों उल्टी, दस्त, मिचली आना और चक्कर जैसी शिकायत के बाद तत्काल लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों को दी।

सूचना मिलते ही 3 डॉक्टर की टीम सुचित्र अग्रवाल, सत्येंद्र कुमार, विनोद शर्मा के नेतृत्व में भेजी गई। डॉक्टरों का दल प्रभावित गांव में पहुंचकर लोगों का इलाज प्रारंभ किया। गंभीर रूप से बीमार 17 लोगों को स्थानीय पीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी मरीजों को दवा और ओआरएस दिया गया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्लाइन करके चिकित्सा की जा रही है।

बताया जाता है कि सभी रोगी खतरे से बाहर है। समाचार प्रेषण तक अस्पताल से 10 लोगों को छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन अभी भी 7 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। नोडल चिकित्सा पदाधिाकारी डॉ अनुज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया धान रोपनी में दिए गए खाना या गुड़ के रस पीने से लोगों को फ़ूड प्वाइजनिंग हुई है, ऐसा प्रतित होता है। इसके कारण ही लोग डायरिया का शिकार हुए हैं।

प्रभावित टोले में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव के साथ साथ डायरिया रोकने के लिए दूसरे अन्य उपाय किया गया है। मौके पर डॉ असलम हसन, बीसीएम विदया देवी, एएनएम निर्मला देवी, सुषमा कुमारी, अंजनी कुमारी द्वारा डायरीया मैनेजमेंट कैंप लगाकर लोगों को ईलाज किया गया और लोगों को दवा दी गई।