Latest News झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

हैदराबाद में भाजपा विधायक टी राजा के बयान के बाद टेंशन में रांची पुलिस, फ्लैग मार्च


रांची, । Hyderabad BJP MLA T Raja इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बारे में विवादास्पद टिप्पणी को लेकर एक बार फिर रांची पुलिस टेंशन में है। इस बार यह विवादित बयान हैदराबाद के भाजपा विधायक टी राजा ने दिया है। इससे पहले भाजपा प्रवक्ता रह चुकीं नुपुर शर्मा ने बयान दिया था। इसके बाद रांची में प्रदर्शन के दौरान हिंसक झड़प हो गई थी। पुलिस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी। इस बार भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस रांची में अलर्ट हो गई है।

रांची मेन रोड में पुलिस का कड़ा पहरा

रांची के एसएसपी व डीसी के निर्देश पर रांची मेन रोड में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। राजधानी रांची के अन्य हिस्सों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। अल्बर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक तक इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव मचाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आज सड़क पर फ्लैग मार्च निकाला। डीसी राहुल सिन्हा, एसएसपी किशोर कौशल सहित कई पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी फ्लैग मार्च में शामिल हुए।

कानून हाथ में नहीं लेने की चेतावनी

अधिकारियों ने लोगों से शांति व भाईचारे का माहौल कायम रखने की अपील की। किसी भी प्रकार से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा करते हुए कोई पकड़ा गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलेभर में थानेदारों को अपने अपने इलाके में सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक गतिविधियों की सूचना ऊपर प्रेषित करने का निर्देश है।

दो दिनों तक बंद रहा था रांची शहर

मालूम हो कि भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा ने पिछली बार पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ विवादित बयान दिया था। रांची मेन रोड में ही जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर ईंट पत्थर और गोलियां चली थीं। दो दिनों तक शहर बंद रहा था। हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी। राज्यपाल रमेश बैस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को तलब किया था। झारखंड सरकार की ओर से जांच टीम गठित की गई थी। झारखंड हाईकोर्ट में भी यह मामला पहुंचा है। मामले की सुनवाई जारी है। किसी तरह शहर शांत हो गया था। लेकिन पुन: भाजपा नेता टी राजा के बयान से तरह तरह की आशंकाएं उत्पन्न हो गई हैं।