Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार

RJD ने सीबीआइ और ईडी को चेताया, कहा- घर से निकलने नहीं देगी जनता; बिहार सबकुछ समझा देगा


पटना, राजद नेताओं के घर सीबीआइ के छापे के बाद बिहार की राजनीति में उबाल है। दोनों तरफ से बयानबाजी जारी है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक दिन पहले बिहार के केंद्रीय मंत्रियों और सीबीआइ के अधिकारियों को चेतावनी दी थी। शुक्रवार को उसी अंदाज में राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने भी भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों को चेताया है।

मनोज ने राजद कार्यालय में प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के साथ मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर जनता से समर्थन मांग लिया जाए और उसे यह कह दिया जाए कि गरीब-गुरबों की बात करने वाले नेताओं के घर छापे पड़ रहे हैं तो यकीन मानिए कि सीबीआइ और ईडी के अधिकारी घर से नहीं निकल पाएंगे। यह धमकी नहीं है। आईना दिखा रहा हूं। बहुत जल्द बिहार आपको तौर तरीके बता देगा।

मनोज झा ने विरोध का तरीका भी बताया। कहा कि गांधीवादी विरोध भी तो होता है। हमारे कार्यकर्ता जाएंगे और सीबीआइ अधिकारियों को गुलाब का फूल देंगे और कहेंगे कि स्वस्थ हो जाइए।गुरुग्राम के माल की चर्चा करते हुए मनोज झा ने कहा कि तेजस्वी यादव ने साक्ष्य रखे। 20 घंटे से ज्यादा हो  गए,  लेकिन अभी तक भाजपा की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है। सीबीआइ ने भी अभी तक माफी नहीं मांगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर और भिवानी के सांसद का नाम आया तो चुप्पी साध गए। यह दोहरापन नहीं चलेगा। चुनौती देता हूं कि अगर यह बंद नहीं किया तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाना दूसरी बात है। इसके पहले जनता के बीच जाएंगे। कहेंगे कि हम नौकरी की बात कर रहे हैं और ये लोग छापे मार रहे हैं तो जनता क्या करेगी, इसका उदाहरण भी नहीं दे सकता। जनता आपका निकलना बंद कर देगी। सेल डीड तो सबके घर में होते हैं। सौ लोगों के घर छापे पड़ेंगे तो सौ डीड निकल ही जाएंगे। यह घटिया राजनीति है।