Latest News TOP STORIES

२४ घंटेमें ३ लाख ५७ हजार २२९ नये मरीज


नयी दिल्ली (आससे.)। देश में कोरोना का कहर जारी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3 लाख 57 हजार 229 नये मामले सामने आये हैं और इस दौरान 3,449 मरीजों की मौत हो गयी है। इसी दौरान 3 लाख 20 हजार 289 मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में आज तक कुल मिलाकर 1,66,13,292 लोग ठीक हुए है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 81.91 प्रतिशत है। बीमारी से स्वस्थ वाले मरीजों की संख्या में 10 राज्यों का योगदान 73.14 प्रतिशत है। देश में दैनिक सकारात्मकता दर इस समय 21.47 प्रतिशत है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली,पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान सहित 10 राज्यों में नये संक्रमण के 71.71 फीसदी मामले दर्ज कियेे जा रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में सबसे अधिक 48,621 नये मामले दर्ज किये गये हैं। इसके बाद 44,438 मामलों के साथ कर्नाटक दूसरे स्थान पर है, जबकि उत्तर प्रदेश में 29,052 नये मामले सामने आये हैं। देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 34,47,133हो गई है।

यह संख्या देश के कुल संक्रमित मामलों का 17 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान कुल सक्रिय मामलों की संख्या में 33,491 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश के कुल सक्रिय मामलों में 12 राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़,उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, आंध्र प्रदेश और केरल का कुल मिलाकर 81.41 प्रतिशत योगदान है। इनमें से हर राज्य में एक लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय मृत्यु दर लगातार गिर रही है और इस समय 1.10 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोविड से 3,449 लोगों की मौत हुई। 10 राज्यों का मौत के नये मामलों में 73.15 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 567 लोगों की जान गई, इसके बाद दिल्ली में सबसे ज्यादा 448 और उत्तर प्रदेश में 285 लोगों की मौत हुई।

——————–

देशमें अब तक 15 करोड़ 89 लाख से अधिक लोगों को लगा टीका

नयी दिल्ली (आससे.)। देश में कोरोना पर काबू पाने के लिये टीकाकरण अभियान लगातार तेज हो रहा है। अब तक 15 करोड़ 89 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण कार्यक्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 15 लाख से अधिक लोगों को कोविड टीका लगाया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि टीकाकरण अभियान की शुरुआत के 108 दिनों में 13 करोड़ लोगों को पहला टीका लगाया गया। दूसरी तरफ लगभग 2 करोड़ 90 लाख लोगों को दोनों टीके लगाये गये हैं। मंत्रालय ने बताया कि तीसरे   चरण के टीकाकरण अभियान में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को पहली मई से टीका लगाने का काम शुरू हो गया है। अब तक 4 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान इस आयु वर्ग के 2 लाख 15 हजार से अधिक लोगों को पहला टीका लगाया गया। इस आयु वर्ग के लोग कोविन ऐप और आरोग्य सेतु ऐप पर टीकाकरण अभियान में शामिल होने के लिए अपना पंजीकरण करा सकते है।