पटना

11वें मतदाता दिवस पर बोले मुख्य सचिव-बिहार ने चुनौतियों से निबटने की दिखायी राह: दीपक


पटना आयुक्त समेत कई अधिकारी हुए सम्मानित

पटना (आससे)। मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कहा है कि कोविड-१९ वायरस संक्रमण की भयावह स्थिति के बीच बिहार ने सफलतापूर्वक और निष्पक्ष चुनाव करा कर हमने अन्य राज्यों को राह दिखायी है। चुनौतियों से भरा कदम था। संशय के बादल मंडरा रहे थे, आखिर चुनाव कैसे होगा, परंतु निर्वाचन आयोग के कुशल पर्यवेक्षण में चुनाव करा कर यहां के लोगों ने लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का काम किया है। मुख्य सचिव सोमवार को ११वें मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जिस वन नेशन-वन राशन कार्ड के सिद्धांत को प्रतिपादित किया जा रहा है उसके तर्ज पर आइटी का प्रयोग कर मतदान प्रक्रिया को और सरल बनाने की जरूरत है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग को आगे बढक़र पहल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव ने यह सिद्ध कर दिया कि आज भी बिहार में लोकतंत्र की नींव सुदृढ है। कोरोना संक्रमण काल में हर स्टेज पर सावधानी बरती गयी। चुनौती भरा कार्य था। हमारी टीम ने बेहतर कार्य किया। चुनाव आयोग ने भी इसे माना है। चुनाव के बाद राज्य की जनता, अधिकारियों में आत्म विश्वास बढ़ा।

मुख्य सचिव ने समारोह में मौजूद सभी लोगों को शपथ दिलायी। बेहतर व सुचारू रुप से चुनाव कराने को लेकर मुख्य सचिव ने पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल को बेहतर परिवहन प्रबंधन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं २५ हजार का चेक देकर सम्मानित किया। इसके बाद रोहतास के तत्कालीन डीएम पंकज दीक्षित, पश्चिम चंपारण के डीएम कुंदन कुमार, डीएम गया अभिषेक सिंह, मुजफ्फरपुर के तत्कालीन डीएम डा चंदेशेखर सिंह, डीएम कटिहार कंवल तनुज, डीएम खगडिय़ा आलोक रंजन घोष, डीएम औरंगाबाद सौरभ जोरवाल, उप निर्वाची पदाधिकारी मुख्यालय अशोक प्रियदर्शी, समेत कई अधिकारियों को मुख्य सचिव ने प्रशस्ति पत्र व चेक देकर सम्मानित किया।

पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल ने कहा कि गणतंत्र के बगैर प्रजातंत्र संभव नहीं। इसे हम कैसे मजबूत करेंगे। इसके लिए सशक्त मतदाता का होना जरूरी है। उन्होंने माना कि चुनाव एक जटिल प्रक्रिया है। इसे औा सरलीकृत करने की जरूरत है। उन्होने बताया कि चुनाव आयोग ने मुख्य निर्वाची पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास को बेस्ट स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। वहीं कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए एडीजी मुख्यालय जीतेंद्र कुमार, प्रधान सचिव स्वास्थ्य प्रत्यय अमृत, पूर्णिया के तत्कालीन आइजी स्वर्गीय विनोद कुमार के मरणोपरांत उनकी पत्नी को सम्मानित किया गया है।