पटना

गांधी मैदान में राज्यपाल फागू चौहान ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी


पटना। बिहार में धूमधाम से मनाया गया 72वां गणतंत्र दिवस। पटना में गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान में आयोजित किया गया। इस मौके पर गांधी मैदान में बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने तिरंगा फहराया।

इससे पहले राज्यपाल खुली जीप में सवार हुए और परेड का निरीक्षण किया। इस समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी समेत कई मंत्री, अधिकारी व कोरोना योद्धा शामिल रहे।

समारोह में बिहार सरकार के 10 विभागों की रंग-बिरंगी और खूबसूरत झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। झंडा फहराए जाने के बाद परेड शुरू हुआ। बिहार पुलिस और बीएमपी के जवानों की टुकड़ी एक-एक कर मंच के सामने से गुजरी और राज्यपाल ने सलामी ली। इस बार परेड में ATS के जवान भी शामिल हुए। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया।

इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में बिहार सरकार की तरफ से सुरक्षा बलों के उन जवानों को भी सम्मानित किया गया, जिन्हें केंद्र सरकार ने सम्मानित किया है। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इनमें खगड़िया निवासी सेना के शहीद जवान लांस नायक मो। जावेद भी शामिल हैं। उन्हें उनकी वीरता के लिए मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। राज्यपाल ने उनकी पत्नी खरजाना परवीण को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

परेड की सलामी और जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के बाद राज्यपाल फागू चौहान ने गांधी मैदान में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने राज्यवासियों 72वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2020 इससे बुरी तरह प्रभावित रहा। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की।

कहा कि यह राज्य सरकार के प्रयासों का ही नतीजा है कि बिहार में कोरोना संक्रमण कुछ हद तक नियंत्रित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण के प्रति संवेदनशील है और यह इसकी नीतियों का अभिन्न अंग हैं। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत, संरचना, कृषि तथा वंचित वर्गों के विकास और कल्याण के लिए जो अनेक योजनाएं सफलता पूर्वक चल रही हैं, उनसे बहुत कुछ हासिल हुआ है।

हर साल गणतंत्र दिवस समारोह में जहां 20-22 झाकियां निकलती थी। वहीं इस बार कोरोना की वजह से 10 झांकियां निकालीं। इनमें कला-संस्कृति एवं युवा विभाग, पर्यटन विभाग, भवन निर्माण विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, स्वास्थ्य विभाग, महिला विकास निगम एवं जीविका, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग और जल संसाधन एवं लघु सिंचाई विभाग की झांकियां निकलीं।

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर फहराया तिरंगा

गांधी मैदान पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया। उन्होंने वहां पर झंडे की सलामी के बाद सुरक्षा बलों की टुकड़ी की भी सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी पदाधिकारी मौजूद थे।