Latest News झारखंड रांची राष्ट्रीय

2 दिवसीय चाईबासा दौरे पर सीएम हेमंत सोरेन


 

चाईबासा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को दो दिवसीय चाईबासा दौरे पर आने वाले हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन और झामुमो दोनों की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। खतियानी जोहार यात्रा कार्यक्रम को लेकर खूंटकाटी मैदान में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

रैली के लिए की गई चाक-चौबंध व्यवस्था

कार्यक्रम स्थल पर लगभग 20 से 25000 कुर्सियां लगाई गई हैं, वहीं वीआईपी और मीडिया गैलरी अलग-अलग बनाई गई। कार्यक्रम स्थल पर ही दूर बैठने वाले लोगों के लिए चार एलईडी स्क्रीन भी लगाई जा रही है, जिससे लोग मुख्यमंत्री को आसानी के साथ सुन और देख सकें। कार्यक्रम स्थल के पीछे कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है। 20,000 लोगों का भोजन वहां तैयार हो रहा है, जिसमें शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार के भोजन को तैयार किया जा रहा है।

स्टेज पर 40 लोगों के बैठने की व्यवस्था

मुख्यमंत्री के साथ स्टेज पर स्थानीय नेताओं के साथ गठबंधन के नेताओं के लिए भी जगह सुरक्षित की गई है। स्टेज पर चालीस लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश के लिए तीन द्वार बनाए गए हैं, जिसमें एक आम कार्यकर्ता, एक वीआईपी व मीडिया और एक मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायकों के लिए बनाया गया है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे विधायक

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला उपाध्यक्ष झारखंड मुक्ति मोर्चा राहुल आदित्य ने कहा कि इस कार्यक्रम में लगभग 30 से 40, 000 लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। सभी विधानसभा से लगभग 10,000 कार्यकर्ता पहुंचेंगे। रैली में पहुंचने वाले लोगों के लिए खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। पार्किंग की भी बेहतर व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए पांचों विधायक अपने-अपने विधानसभा में लगे हुए हैं  ताकि अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाया जा सके।

मुख्यमंत्री करेंगे सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम जिले की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम जिला के पदाधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक भी करेंगे। मंगलवार दस बजे से आयोजित इस बैठक में एक ओर सिमडेगा जिले के पदाधिकारियों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है, वहीं दूसरी ओर पश्चिम सिंहभूम जिला के पदाधिकारी बैठेंगे। तैयारियों को लेकर उपायुक्त मित्तल ने कहा कि तैयारी लगभग पूरी हो चुकी हैं। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री सिमडेगा में कार्यक्रम करने के बाद सीधे हेलीकॉप्टर के माध्यम से टाटा कॉलेज मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेंगे।

मुख्यमंत्री को दिया जाएगा गॉड ऑफ ऑनर

हेलीपैड से उतरने के बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा जिसके बाद वह सीधे परिसदन पहुंचेंगे। परिसदन में आराम करने के बाद आगे का कार्यक्रम होगा। वहीं मंगलवार को सुबह दस बजे मुख्यमंत्री टाटा कॉलेज में बने अस्थाई टेंट में सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम जिला के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

समीक्षा बैठक के बाद यात्रा को करेंगे संबोधित

दो से तीन घंटे की समीक्षा बैठक के बाद वे सीधे पार्टी की ओर से आयोजित खतियानी जोहार यात्रा को संबोधित करने के लिए प्रस्थान करेंगे। खतियान यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी वाहनों को प्रवेश प्रतिबंध कर दिया गया है। जगह जगह पर मजिस्ट्रेट नियुक्त होंगे। सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। कहीं कोई कमी नहीं रहे इसके लिए सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।