पटना

3री, 5वीं, 8वीं, 10वीं कक्षा के बच्चों का होगा असेसमेंट


राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण को लेकर केंद्र का निर्देश

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। देश के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 733 जिलों के चिन्हित 1.24 लाख स्कूलों में 12 नवंबर को राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण होगा। इसमें 3री, 5वीं, 8वीं एवं 10वीं कक्षा के बच्चों का असेसमेंट होगा।

इसे लेकर केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने राज्यों के मुख्य सचिव एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासक सहित केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान परिषद, केंद्रीय विद्यालय संगठन एवं नवोदय विद्यालय संगठन को निर्देश दिया है। निर्देश में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के लिए राज्यों को राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर नोडल अफसर तैनात करने को कहा गया है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की सचिव अनीता करवल के मुताबिक राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के लिए चिन्हित स्कूलों में केंद्र एवं राज्य सरकारों के स्कूल, वित्तीय सहायता प्राप्त स्कूल एवं प्राइवेट स्कूल शामिल हैं। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण वर्ष 2020 में ही होना था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से संभव नहीं हो पाया।

इधर, केंद्र के निर्देश के अनुरूप  बिहार में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण की तैयारी पूरी है। राज्य के 5,727 स्कूल राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में शामिल होंगे। चिन्हित स्कूलों में तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग के अपर मुख्यसचिव संजय कुमार द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पहले ही निर्देश जारी किये जा चुके हैं। इसके मुताबिक उस दिन स्कूल निश्चित रूप से ससमय खुले रहेंगे। शिक्षक, छात्र एवं कर्मचारी ससमय उपस्थित रहेंगे। स्कूल साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित होगा।

जिन वर्ग कक्षों में सर्वेक्षण कार्य किया जायेगा, वह बड़ा, हवादार एवं रौशनीयुक्त होगा। वर्गकक्ष में बिजली की व्यवस्था होगी। बल्ब एवं पंखे की व्यवस्था रहेगी। वर्गकक्ष में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था होगी। शौचालय साफ-सुथरा रहेगा। अतिरिक्त पेन-पेन्सिल की व्यवस्था होगी, ताकि आवश्यकता होने पर विद्यार्थियों को अविलंब उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही और भी कई निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही हर जिले में नोडल अफसर तैनात किये गये हैं।

राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण  में पटना जिले 196 स्कूल चिन्हित हैं। इनमें 68 प्राइवेट स्कूल भी हैं। जिले के प्राइवेट स्कूलों में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर सभी 68 प्राइवेट स्कूलों के प्राचार्य-निदेशकों को जिला शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार द्वारा पहले ही निर्देश दिये गये हैं।