पटना

88 वर्ष बाद दरभंगा-सहरसा रेल लाइन पर दौड़ी ट्रेन


(आज समाचार सेवा)

पटना। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नयी दिल्ली से विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से झंझारपुर निर्मली नव आमान परिवर्तित रेलखंड का शुभारंभ किया। इसके उपरांत रेल मंत्री द्वारा नए रेलखंड पर ट्रेन सेवाओं के परिचालन का शुभारंभ 05553 झंझारपुर सहरसा डेमू स्पेशल को उदघाटन स्पेशल के रूप में हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से झंझारपुर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि आज 88 बर्षों के बाद इस क्षेत्र की एक बहुत बड़ी समस्या का समाधान हुआ है। इस रेलखंड के चालू हो जाने से कोसी नदी के दोनों छोर के लोगों की वर्षों पुरानी लंबित मांग पूरी हो रही है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि पूर्वी क्षेत्र के उदय से ही भारत का उदय संभव है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार में रेल अवसंरचना एवं यात्री सुविधा के विकास कार्यों हेतु इस वर्ष 6600 करोड रूपये का आवंटन किया गया है। इस अवसर पर झंझारपुर स्टेशन पर भी एक समारोह का आयोजन किया गया जिसमें ऊर्जा व योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, सांसद रामप्रीत मंडल, सांसद दिलेश्वर कामत, सांसद दिनेश चन्द्र यादव, विधायक झंझारपुर नीतीश मिश्रा सहित कई गणमान्य अतिथिगण उपस्थित थे। यह परियोजना 206 किलोमीटर लंबे सकरी लौकहा बाजार निर्मली एवं सहरसा फ ॉरबिसगंज आमान परिवर्तन परियोजना का भाग है। इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 1584 करोड़ रूपए है।

इस नव उद्घाटित रेलखंड पर लहेरियासराय और सरहसा के बीच आज से कई ट्रेनों का नियमित रूप से परिचालन किया जायेगा। लहेरियासराय से 05545 लहेरियासराय सहरसा डेमू स्पेशल  5.05 बजे खुलकर सभी 10.50 बजे सहरसा पहुंचेगी। 05543 लहेरियासराय सहरसा डेमू स्पेशल 12.05 बजे खुलकर 18.05 बजे सहरसा पहुंचेगी। 05547 लहेरियासराय सहरसा डेमू स्पेशल 20.05 बजे खुलकर 1.30 बजे सहरसा पहुंचेगी। वहीं सहरसा से 05544 डेमू स्पेशल  5.15 बजे खुलकर 11.30 बजे लहेरियासराय पहुंचेगी। 05548 सहरसा लहेरियासराय डेमू स्पेशल सहरसा से 11.10 बजे खुलकर 17.15 बजे लहेरियासराय पहुंचेगी। 05546 सहरसा लहेरियासराय डेमू सहरसा से 18.35 बजे खुलकर खुलकर 23.55 बजे लहेरियासराय पहुंचेगी।