News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

Bharat Jodo Yatra: मध्य प्रदेश के जहानारा गांव से भारत जोड़ो यात्रा फिर से हुई शुरू


नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के जहानारा गांव से शुरू हुई। यात्रा आज उज्जैन से आगर मालवा जिले के आगर छावनी चौक कस्बे में प्रवेश करेगी।यह अपने 77वें दिन 23 नवंबर को मध्य प्रदेश में दाखिल हुई। गौरतलब है कि यात्रा राज्य में 12 दिनों में 7 जिलों से होकर गुजरेगी।

इससे पहले उज्जैन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि जो लोग मेहनत करके अपना पेट पालते हैं, उन्हें सरकार से कुछ नहीं मिलता।

उन्होंने कहा, भारत हमेशा से तपस्वी (तपस्वियों) का देश रहा है। हिंदू धर्म में तपस्वियों की हमेशा पूजा की जाती है। नाई हों, माली हों, छोटे व्यापारी हों, दुकानदार हों, मजदूर हों या किसान–सब जीवन भर तपस्या करते हैं।

हालांकि, प्रधानमंत्री करोड़ों भारतीयों की तपस्या का अपमान कर रहे हैं क्योंकि तपस्या करने वालों को सरकार से कुछ भी नहीं मिलता है। दो लोग पूरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूजा करते हैं और जो चाहते हैं उसे प्राप्त करते हैं। रेलवे, हवाईअड्डे, बंदरगाह, सड़कें, बिजली-सब कुछ उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है।

मध्य प्रदेश में यात्रा का 10वां दिन

दरअसल, मध्य प्रदेश में आज कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का 10वां दिन है। आज सुबह मध्य प्रदेश के जहानारा गांव से कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू हो गई है।

4 दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी यात्रा

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा 4 दिसंबर को मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा ने 23 नवंबर को महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया था। यह यात्रा अब तक मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और इंदौर जिलों से होकर गुजरी है।

नरोत्तम मिश्रा बोले, यात्रा को भारत तोड़ने वालों का समर्थन

अभिनेत्री स्वरा भास्कर के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक स्वरा भास्कर और कन्हैया कुमार जैसे राष्ट्र विरोधी मानसिकता वाले लोगों का शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि यह भारत को तोड़ने वालों के समर्थन में निकाली जा रही यात्रा है।

नरोत्तम मिश्रा ने वीडियो जारी कर मारा तंज

गुजरात चुनाव में व्‍यस्‍त नरोत्‍तम ने एक वीडियो जारी करते हुए राहुल गांधी और उनकी भारत जोड़ो यात्रा को निशाने पर लिया है। साथ ही उन्‍होंने समान नागरिक संहिता को लेकर कांग्रेस नेताओं से अपना रुख स्‍पष्‍ट करने के लिए भी कहा है।

नरोत्‍तम ने कहा कि राहुल गांधी जी आपको समझना चाहिए कि हमारा भारत स्वरा भास्कर, कन्हैया कुमार और सुशांत सिंह जैसों के साथ पदयात्रा करने से नहीं जुड़ता। भारत जुड़ता है जब धारा 370 हटती है, सीएए लागू होता है, तीन तलाक जैसी कुप्रथा खत्म की जाती है। नहीं भूलना चाहिए कि तुष्टीकरण के कारण शाहबानो प्रकरण में दिए गए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार में पलट दिया था। अब समय आ गया है कि देश की एकता और अखंडता के लिए समान नागरिक संहिता की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया जाए। मेरा कमलनाथ जी से भी आग्रह है कि वे कामन सिविल कोड पर अपना नजरिया जनता के सामने रखें।