Latest News नयी दिल्ली मनोरंजन राष्ट्रीय

Brahmastra : दूसरे वीकेंड में जोरदार उछाल, 10 दिनों में वर्ल्डवाइड कलेक्शन 360 करोड़


नई दिल्ली, । अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र ने सारे बायकॉट अभियानों और नेगेटिव प्रेडिक्शंस को गलत साबित करते हुए  बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कमाई की है। पहला हफ्ता गुजरने के बाद ट्रेड की नजर दूसरे वीकेंड पर थी, क्योंकि अगर इस वीकेंड में फिल्म के कलेक्शंस गिरते तो आगे का रास्ता मुश्किल हो सकता था, मगर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ने दूसरे वीकेंड में सॉलिड कमाई करके आगे के लिए अच्छे संकेत दिये हैं। वहीं, वर्ल्डवाइड भी फिल्म ने 350 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है।

दूसरे वीकेंड में फिल्म ने फिल्म के कलेक्शंस में उछाल आया और 200 करोड़ क्लब में धांसू एंट्री ली। इसके साथ ब्रह्मास्त्र साल 2022 की दूसरी बॉलीवुड फिल्म बन गयी है, जिसने डबल सेंचुरी जड़ी हो। अब तक सिर्फ द कश्मीर फाइल्स ही ऐस फिल्म है, जो बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ के पार पहुंची हो।

दूसरे वीकेंड में 40 करोड़ से अधिक कलेक्शन

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रह्मास्त्र ने रविवार को लगभग 17 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है, जिसके साथ इसका नेट कलेक्शन 210 करोड़ के आसपास पहुंच गयी है। 16 सितम्बर से 18 सितम्बर के बीच दूसरे वीकेंड में लगभग 40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है, जो सिनेमाघरों में इसकी पकड़ को जाहिर करता है। साल 2022 बॉलीवुड के लिए बेहद खराब रहा है।

कुछ गिनी-चुनी फिल्मों को छोड़कर तमाम बड़े चेहरों और बजट वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ढेर होती रही हैं। इनमें आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा, अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज, बच्चन पांडेय और रक्षा बंधन जैसी फिल्में शामिल हैं। मगर, अब ब्रह्मास्त्र के बॉक्स ऑफिस ट्रेंड को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि असफलताओं का यह सिलसिला खत्म होने वाला है और आने वाले समय में कई और हिट्स देखने को मिलेंगी।

2022 की तीसरी सबसे सफल फिल्म

साल 2022 में अभी तक की सबसे कामयाब फिल्म द कश्मीर फाइल्स है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ से ज्यादा बटोरे थे। इसके बाद ब्रह्मास्त्र और तीसरी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 है, जिसने 190 करोड़ के आसपास नेट कलेक्शन किया था। ब्रह्मास्त्र ने भूल भुलैया 2 को शनिवार को पीछे छोड़ दिया।

वर्ल्डवाइड कलेक्शन 360 करोड़

ब्रह्मास्त्र दुनियाभर में अच्छा प्रदर्शन कर रही है और 10 दिनों में 360 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी हैं। फिल्म ने 75 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन पहले दिन किया था और ओपनिंग वीकेंड में 225 करोड़ बटोरे थे। वहीं, पहले हफ्ते में ब्रह्मास्त्र ने वर्डवाइड 300 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया।

9 सितम्बर को दुनियाभर में 9 हजार से अधिक स्क्रींस और पांच भाषाओं में रिलीज हुई ब्रह्मास्त्र पार्ट वन- शिवा में रणबीर और आलिया के अलावा अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय औऱ नागार्जुन अक्कीनेनी ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। करण जौहर ने फिल्म का निर्माण किया है। ब्रह्मास्त्र एक ट्रिलॉजी है, जिसका दूसरा भाग ब्रह्मास्त्र पार्ट 2- देव एनाउंस हो चुका है।