News TOP STORIES आज़मगढ़ उत्तर प्रदेश झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना बंगाल बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र रांची राष्ट्रीय लखनऊ

By Election : तीन लोकसभा और 7 विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वोटिंग जारी, जानें दोपहर 1 बजे तक का वोटिंग परसेंटेज


By Election 2022 देश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। जिन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं उनमें यूपी की दो सीटें आजमगढ़ और रामपुर भी शामिल है। इसके अलावा पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। वहीं, चार राज्यों की सात अलग-अलग विधासभा सीटों पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। 26 जून को उपचुनाव के नतीजे आएंगे।

चार राज्यों की इन सात सीटों पर विधानसभा उपचुनाव

देश के चार राज्यों दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। दिल्ली की राजिंद्र नगर विधानसभा, झारखंड की मंडार, आंध्र प्रदेश की आत्माकुर और त्रिपुरा की चार सीट- अगरतला, टाउन बरदोवाली, सूरमा और जबराजनगर सीट पर वोटिंग जारी है।

दोपहर 1 बजे तक कितने पड़े वोट?

चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक संगरूर में 22.21 फीसद, रामपुर में 26.39%, और आजमगढ़ लोकसभा सीट पर 29.48% मतदान हुआ। वहीं, राजिंद्र नगर विधानसभा सीट पर 26.24%, मंडार में 44.81%, आत्माकुर में 44.14%, अगरतला में 54.20%, टाउन बरदोवाली में 52.16%, सूरमा में 53.50% और जबराजनगर में 46.56% मतदान हुआ।

सुबह 11 बजे तक संगरूर में 12.75%, रामपुर में 18.81% और आजमगढ़ में 19.84% फीसद मतदान हुआ। वहीं, राजिंद्र नगर विधानसभा सीट पर 14.85%, मंडार में 29.13%, आत्माकुर में 24.92%, अगरतला में 34.26%, टाउन बरदोवाली में 35.43%, सूरमा में 33.50% और जबराजनगर में 29.14% मतदान हुआ।

9 बजे तक कहां कितने फीसद मतदान?

सुबह 9 बजे तक संगरूर (पंजाब) में 4.07%, रामपुर (उत्तर प्रदेश) में 7.86% और आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) में 9.21% मतदान हो चुका है। इसके अलावा सुबह 9 बजे तक राजिंद्र नगर विधानसभा सीट पर 5.20%, मंडार में 13.49%, आत्माकुर में 11.56%, अगरतला में 15.29%, टाउन बरदोवाली में 16.25%, सूरमा में 13% और जबराजनगर में 14% मतदान हो चुका है।

अखिलेश, आजम के इस्तीफे के बाद खाली हुई आजमगढ़-रामपुर सीट

यूपी की आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में है। इन दोनों सीटों पर सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी दल सपा के बीच टक्कर है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद आजमगढ़ सीट खाली हुई जबकि आजम खान ने रामपुर लोकसभा सीट से इस्तीफा दिया था। अखिलेश और आजम ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी जिसके बाद दोनों नेताओं ने सांसदी से इस्तीफा दिया था।

आजमगढ़ और रामपुर से ये हैं उम्मीदवार

सपा ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से धर्मेंद्र यादव को रण में उतारा है जबकि भाजपा ने भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ पर दांव चला है। बसपा की टिकट पर शाह आलम चुनाव लड़ रहे हैं। रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा ने घनश्याम सिंह लोधी को जबकि सपा ने आसिम राजा को मैदान में उतारा है।

संगरूर में दांव पर AAP की साख

पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट के उपचुनाव पर आम आदमी पार्टी की साख दांव पर है। दरअसल, भगवंत मान ने मुख्यमंत्री बनने के बाद ये सीट छोड़ी थी। आम आदमी पार्टी ने यहां से गुरमेल सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा ने केवल सिंह ढिल्लों पर दांव चला है।

केवल सिंह ढिल्लों ने डाला वोट

संगरूर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों ने मतदान किया। उन्होंने कहा के मैं लोगों से अपील करता हूं कि लोग उस उम्मीदवार को चुने जो अमन शांति और आर्थिक हालात को ठीक कर सके।