Latest News धर्म/आध्यात्म साप्ताहिक

Chaitra Navratri 2022 : मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, घंटे घड़ियालों से गुंजायमान में हुआ शहर


हाथरस, । चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ने लगा। सुबह से ही हाथों में पूजा की थाली लिए श्रद्धालु मंदिरों की ओर जा रहे थे। घंटे व घड़ियालों की भक्ति धुन के बीच मंदिरों में माता की पूजा हो रही थी। माता की जय जयकार से मंदिर परिसर गूंजने लगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले के सभी प्रमुख मंदिरों पर सुबह से ही पुलिस तैनात रही।

शहर के मंदिरों में उमड़ा आस्‍था का सैलाब

नवरात्र का पर्व चैत्र मास की शुक्ल पक्ष के प्रथम दिन से मनाना शुरू हो गया। शहर में शनिवार को घरों में तैयारियां करते हुए श्रृद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों की ओर निकल गए। नवरात्र में पहले दिन व्रत रखने वालों की संख्या सबसे अधिक रहती है। गलियों व मोहल्लों में बने मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे थे। मुरसान गेट के बोहरे वाली देवी, रमनपुर की चामुंडा मंदिर, जलेसर रोड पर चामुंडेश्वरी सहित देवी मंदिरों में लंबी कतारें लगी हुई थीं।

देवी मंदिरों पर लगे मेला

बोहरे वाली देवी मुरसान गेट, तालाब चौराहा स्थित तिकोनिया मंदिर, सासनी के कंकाली मंदिर, सहपऊ में माता भद्रकाली मंदिर व बिसाना में तारागढ़ वाली मंदिर मेला लगे हुए थे। यहां पर खेल तमाशे वाले के अलावा खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन सामिग्री वखान-पान की दुकानें लगी हुई थीं। श्रृद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर गुलजार दिख रहे थे।

प्रमुख मंदिराें पर तैनात रही पुलिस

चैत्र नवरात्र में मंदिरों पर नौ दिनों तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इसे लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर के रमनपुर, मुरसान गेट, तालाब चौराहा, जलेसर रोड के प्रसिद्ध मंदिरों पर सुबह से पुलिस तैनात रही। महिला सिपाही को भी विशेष रूप से तैनात किया गया था। देहात में सासनी, सादाबाद, सिकंदराराऊ, सहपऊ के प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहीं।