News TOP STORIES उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड नयी दिल्ली बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

Covid : संसद में भी कोरोना का असर, मास्क लगाकर राज्यसभा पहुंचे पीएम मोदी


  1. चीन में कोरोना वायरस के कोहराम के बाद भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना की स्थिति को लेकर बुधवार को उच्च स्तरीय बैठक की। सरकार की ओर से लोगों को भीड़ में मास्क पहनने और एहतियाती खुराक लेने की सलाह दी गई है। वहीं, राज्य सरकारें भी इसको लेकर अपनी-अपनी तैयारी कर रही हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज कोरोना को लेकर आपात बैठक करेंगे। महाराष्ट्र सरकार ने कोविड टेस्ट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। वहीं, केरल सरकार ने वायरस के संभावित प्रसार को लेकर चेतावनी दी है।
  • 01:03 PM, 22 Dec 2022

    Pushkar Singh Dhami ने की उच्च स्तरीय बैठक

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोविड-19 की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ देहरादून में उच्च स्तरीय बैठक की।

  • 12:55 PM, 22 Dec 2022

    Coronavirus in India: कई सांसद मास्क पहने नजर आए

    राज्यसभा में शीतकालीन सत्र की कार्यवाही के दौरान पीएम मोदी मास्क में नजर आए। कई सांसदों ने भी मास्क पहना हुआ था।

  • 12:55 PM, 22 Dec 2022

    दिशा-निर्देशों का पालन करें लोग- अनिल विज

    हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि कोविड की पिछली लहरों में हमने बेहतर तरीके से संभाला है। हमारे पास सभी जिलों में आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा है और साथ ही संयंत्रों में ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति है। लोगों को घबराना नहीं चाहिए और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।

  • 12:48 PM, 22 Dec 2022

    Covid-19 पर तमिलनाडु में बैठक जारी

    कोरोना के हालात पर तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम, स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

  • 12:45 PM, 22 Dec 2022

    Punjab के सीएम करेंगे बैठक

    पंजाब में कोरोना की स्थिति पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों के बैठक बुलाई है। ये बैठक चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में कुछ देर में होगी।

  • 12:39 PM, 22 Dec 2022

    स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय अस्पतालों की समीक्षा करेगा

    सूत्रों ने बताया कि डीजीएचएस (स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय) कोरोना की तैयारियों पर दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी अस्पतालों की समीक्षा करेगा।

  • 12:37 PM, 22 Dec 2022

    कोविड गाइडलाइंस का पालन करें- योगी आदित्यनाथ

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विभिन्न देशों में कोरोना संक्रमण फिर से बढ़ने का समाचार प्राप्त हो रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा इस संबंध में समय-समय पर निर्गत गाइडलाइंस का पालन अवश्य करें।

  • 12:28 PM, 22 Dec 2022

    राज्यसभा में मास्क लगाकर पहुंचे पीएम मोदी

    कोरोना का असर संसद में भी देखने को मिल रहा है। पीएम मोदी गुरुवार को मास्क लगाकर राज्यसभा पहुंचे। संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही जारी है।

  • 12:14 PM, 22 Dec 2022

    Covid-19 पर सीएम योगी ने की आपात बैठक

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना (Coronavirus in India) की स्थिति पर टीम 9 के साथ बैठक की अध्यक्षता की।

  • 12:11 PM, 22 Dec 2022

    सांसदों से मास्क पहनने की अपील

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सभी सांसदों से मास्क पहनने की अपील की है। बिरला खुद भी सदन की कार्यवाही के दौरान मास्क पहने हुए थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोरोना को लेकर त्वरित कदम उठाया और लोगों को सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने की सलाह दी।

  • 11:25 AM, 22 Dec 2022

    मास्क पहनकर आए लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा चेयरमैन

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ सदन की कार्यवाही के दौरान मास्क पहने नजर आए। इस दौरान कई सांसदों ने भी मास्क लगाया हुआ था।

  • 11:02 AM, 22 Dec 2022

    दिल्ली में Covid-19 के पांच नए मामले

    दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस से 5 नए मामले दर्ज किए गए। बीते 24 घंटे में एक शख्स की मौत भी हुई है।

  • 10:38 AM, 22 Dec 2022

    कांग्रेस का BJP पर निशाना

    कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री भाजपा को पत्र क्यों नहीं लिख रहे? भाजपा की रैलियों में कोरोना (Covid-19) नहीं होता? राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के प्रति लोगों का विश्वास जिस प्रकार से उमड़ रहा है उसको देखते हुए भाजपा के मंत्री हमें पत्र लिख रहे हैं।

  • 10:20 AM, 22 Dec 2022

    Parliament Session में भी गूंजेगा कोरोना का मुद्दा

    आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने चीन में बढ़ते कोरोना के मामलों से भारत में असर को लेकर संसद में चर्चा की मांग की है। राघव ने राज्यसभा में चर्चा के लिए नोटिस भी दिया है।

  • 10:11 AM, 22 Dec 2022

    Corona के दुनियाभर में 5.37 लाख नए केस सामने आए

    चीन के बाद दुनियाभर में कोरोना के केस अब तेजी से बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में दुनियाभर में 5.37 लाख नए केस सामने आए हैं और इसके चलते 1396 लोगों की जान चली गई है।

  • 10:01 AM, 22 Dec 2022

    Covid New Variant BF.7 के 6 महीने में चार मामले

    भारत में ओमिक्रोन के सब वेरिएंट BF.7 के बीते 6 महीने में चार मामले सामने आए हैं। ये वेरिएंट चीन में हाहाकार मचा रहा है। चीन में इससे रोजाना हजारों मौतें हो रही हैं।

  • 09:41 AM, 22 Dec 2022

    Corona Variant की निगरानी करना जरूरी- डॉक्टर संजय राय

    एम्स दिल्ली के डॉक्टर संजय राय ने कहा कि भारत में हमारे पास यह साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं कि जो लोग कोविड से ठीक हो गए हैं, वे अच्छी तरह सुरक्षित हैं। सभी वेरिएंट की निगरानी करना महत्वपूर्ण है, लेकिन वर्तमान परिदृश्य में वायरस के कारण भारत में किसी गंभीर समस्या का सामना करने की संभावना नहीं है।

  • 09:31 AM, 22 Dec 2022

    Corona New Variant पर महाराष्ट्र में भी बैठक

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज दोपहर में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक से पहले राज्य में कोविड की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

  • 09:29 AM, 22 Dec 2022

    Coronavirus पर पीएम मोदी करेंगे उच्च स्तरीय बैठक

    पीएम मोदी आज दोपहर कोरोना के हालात पर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में कोरोना की स्थिति पर समीक्षा की जाएगी।

  • 09:26 AM, 22 Dec 2022

    Covid-19 पर उत्तराखंड सरकार की तैयारी

    उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार कुछ देशों में कोविड के मामलों में अचानक तेजी के बाद केंद्र के दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 पर नए निर्देश जारी करने की तैयारी कर रही है।

  • 09:24 AM, 22 Dec 2022

    ममता बनर्जी की कमेटी बनाने की सलाह

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है। ममता ने हालात पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को विशेषज्ञों की कमेटी गठित करने की सलाह दी है।

  • 09:20 AM, 22 Dec 2022

    ओडिशा में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

    ओडिशा सरकार ने राज्य में ओमिक्रोन सब वेरिएंट BF.7 का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन से निगरानी को मजबूत करने का निर्देश दिया है।