News TOP STORIES झारखंड धनबाद नयी दिल्ली रांची

Deoghar : 44 घंटे के ऑपरेशन के बाद 46 लोग बचाए गए, जिंदगी के करीब आकर छूट गया दो लोगों का साथ


देवघर: करीब 44 घंटे के बाद देवघर में त्रिकुट पर्वत पर रोपवे में फंसे 46 लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। केबिन नंबर सात में फंसे छठी लाल साह को निकालने के बाद दोपहर करीब 12 बजकर 55 मिनट पर अभियान समाप्ति की घोषणा की गई। दो दिनों तक चले इस अभियान में भारतीय वायुसेना, आइटीबीपी और एनडीआरएफ की टीम ने जहां 46 लोगों की जान बचाई, वहां जिंदगी के करीब आकर भी दो लोगों का साथ छूट गया। वहीं इस पूरे हादसे में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी।

छठी लाल साह से पहले इनकी पत्‍नी शोभा देवी को रेस्‍क्‍यू करने के क्रम में वह डेढ़ हजार फीट नीचे खाई में गिर गईं। गंभीर अवस्‍था में उन्‍हें सदर अस्‍पताल ले जाया गया, जहां डॉक्‍टर दिवाकर पासवान ने मौत की पुष्टि की। बताया जाता है कि ऊपर खींचते समय शोभा देवी से बंधी रस्‍सी का हुंक केबिन के गेट में फंस गया था। कमांडो इसे निकालने का प्रयास कर रहा था, लेकिन तभी रस्‍सी टूट गई और महिला करीब डेढ़ हजार फीट नीचे जमीन पर जा गिरीं।