Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Farmers Protest :नोएडा-गुरुग्राम और दिल्ली के बॉर्डर पर भीषण जाम मेट्रो के 9 स्टेशन पर कई गेट बंद;


एमएसपी पर कानून बनाने सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलनकारी किसानों ने मंगलवार (13 फरवरी) के लिए ‘दिल्ली चलो’ मार्च का एलान किया है। दिल्ली यातायात पुलिस ने इसके मद्देनजर यात्रियों के लिए यातायात सलाह जारी की है। ट्रैफिक प्रतिबंधों के चलते दिल्ली-एनसीआर में लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। कई रास्तों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आ रहे हैं।

13 Feb 20241:51:43 PM

Delhi Chalo Live: शंभू बॉर्डर पर फिर तनाव, पुलिस ने ड्रोन से छोड़ी आंसू गैस

हरियाणा-पंजाब शंभू बॉर्डर पर किसान और पुलिस एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। मौके पर प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का उपयोग किया है।

13 Feb 20241:47:56 PM

Kisan Andolan Live: जाम और चेकिंग की वजह से मरीज भी हो रहे परेशान

दिल्ली में किसानों के कूच की वजह से जगह-जगह की गई बैरिकेडिंग और चेकिंग का असर अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों पर भी पड़ रहा है। बॉर्डर के नजदीकी इलाकों से आने वाले लोगों को जहां सामान्य दिनों में जीटीबी या राजीव गांधी अस्पताल पहुंचने में 20 मिनट लगते थे, आज जाम के कारण 45 मिनट से एक घंटे का समय लगा है। भोपुरा से आयीं हेमलता ने बताया कि वह सुबह नौ बजे घर से चली थीं। आम दिनों में केवल 20-25 मिनट लगते थे, लेकिन आज जगह-जगह चेकिंग और जाम के कारण एक घंटा लगा है।

13 Feb 20241:42:38 PM

Delhi Chalo Live: टिकरी बॉर्डर आवागमन के लिए किया गया बंद

किसानों के दिल्ली मार्च के चलते टिकरी बॉर्डर आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। मौके पर बैरिकेड्स लगाकर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

13 Feb 20241:19:40 PM

Delhi Chalo Live: लालकिला जाने वाले दोनों रास्ते बंद

किसानों के दिल्ली चलो मार्च के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। ताजा मामले में सुरक्षा कारणों के चलते लालकिला जाने वाले दोनों रास्ते बैरिकेडिंग कर बंद कर दिए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही आम लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

13 Feb 20241:14:36 PM

Farmers Protest LIVE: दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस ने रोका, किया हंगामा

मोदीनगर। दिल्ली जा रहे भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों को पुलिस ने दुहाई में ईस्टर्न पेरिफेरल पर रोक दिया। इससे गुस्साए पदाधिकारी एक्सप्रेस वे पर टोल के पास ही धरने पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुरादनगर, मसूरी, निवाड़ी समेत अन्य थानों से बल मौके पर बुलाया गया। पदाधिकारियों को समझाने में पुलिस जुटी है। वे दिल्ली जाने की मांग पर अड़े हैं। उधर, भोजपुर में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भी भारी पुलिस तैनात है।

13 Feb 20241:08:19 PM

Delhi Chalo Live: दिल्ली पुलिस बोली- सीमाओं पर हालात सामान्य

दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त कानून एवं व्यवस्था रवींद्र सिंह यादव का कहना है कि दिल्ली की सीमाओं पर पूरी तरह शांति है। पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में जिन जगहों से किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं उन्हें अभी वहीं की पुलिस रोकने में जुटी हुई हैं। दिल्ली पुलिस की सभी पड़ोसी राज्यों के पुलिस अधिकारियों से लगातार बातचीत चल रही है। बेहतर समन्वय बनाकर हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं जिससे किसान दिल्ली की सीमा तक नहीं आ पाए। सभी सीमाओं पर सर्विस लेन को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है।

13 Feb 20241:04:37 PM

Delhi Chalo Live: किसानों को रोकने के लिए हापुड़ में टोल प्लाजा पर पुख्ता इंतजाम

किसानों की दिल्ली कूच की घोषणा के बाद हापुड़ के छिजारसी टोल प्लाजा पर पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस वाहनों की जांच कर दिल्ली की और भेजा जा रहा है। यही नहीं किसी वाहन में किसानों के हो मौजूद होने का शक होने पर वाहनों की जांच कर किसानों को वापस भेजा जा रहा है। कुल मिलाकर पुलिस किसानों को रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस दौरान 10 किसानों को हिरासत में लिया गया है।

13 Feb 202412:57:32 PM

Kisan Andolan Live: 9 स्टेशनों पर दिल्ली मेट्रो के कई गेट बंद

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली मेट्रो के नौ स्टेशनों पर एक या इससे अधिक गेट बंद कर दिए गए। हालांकि, ये स्टेशन पूरी तरह से बंद नहीं हैं और यात्रियों को अन्य द्वारों से एंट्री और एग्जिट की अनुमति है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए गेट बंद कर दिए गए हैं।

13 Feb 202412:55:00 PM

Farmers Protest LIVE: दिल्ली मेट्रो के 9 स्टेशनों पर कई गेट बंद

किसानों के राष्ट्रीय राजधानी तक मार्च के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 9 स्टेशनों पर कई गेट बंद कर दिए गए हैं। इस संबंध में समाचार एजेंसी ने पीटीआई ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि एहतियात के तौर पर कई स्टेशनों – राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, उद्योग भवन, जनपथ और बाराखंभा रोड पर कई गेट बंद कर दिए गए हैं।

13 Feb 202412:52:04 PM

Farmers Protest LIVE: दिल्ली मेट्रो के 8 स्टेशनों पर कई गेट बंद

किसानों के विरोध के चलते दिल्ली मेट्रो के 8 स्टेशनों पर कई गेट बंद कर दिए गए हैं। इस संबंध में समाचार एजेंसी ने पीटीआई ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि एहतियात के तौर पर कई स्टेशनों – राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, उद्योग भवन, जनपथ और बाराखंभा रोड पर कई गेट बंद कर दिए गए हैं।

13 Feb 202412:25:01 PM

Kisan Andolan Live: नोएडा डीएनडी से दिल्ली आने वाले मार्ग पर लगा जाम

किसानों के प्रदर्शन के चलते डीएनडी फ्लाईवे पर दिल्ली पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है। इससे मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई है। वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आ रहे हैं।

13 Feb 202412:20:28 PM

Farmers Protest LIVE: सिंघु बॉर्डर पर एक घंटे बाद खोला गया रास्ता

सिंघु बॉर्डर पर हरियाणा से दिल्ली आने वाले वाहनों के लिए एक घंटे बाद रास्ता खोला गया है। इससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। चालक नंदकुमार ने बताया की सिंघु पर एक घंटे से जाम में फंसे हैं। कुंडली से मक्का लेकर बदली के सिरसपुर जा रहे हैं। फ्लाईओवर पर ही रोक दिया गया है । पीछे गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई गई। अब यहां से कैसे वापिस जाऊंगा, यह समझ नहीं आ रहा है। मुझे सिरसपुर के बाद आजादपुर सब्जी मंडी से सब्जियां लेकर जाना है। वहां लोग इंतजार कर रहे हैं।

13 Feb 202412:17:18 PM

Kisan Andolan Live: शम्भू बॉर्डर पर किसान व पुलिस आमने-सामने

मार्च के दौरान पंजाब-हरियाणा के शम्भू बॉर्डर पर किसान व पुलिस आमने-सामने आ गए। उग्र किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े हैं।

13 Feb 202412:13:23 PM

Farmers Protest LIVE: गाजियाबाद पुलिस ने 14 किसान नेताओ को किया नजरबंद

पुलिस ने किसान आंदोलन को देखते हुए 14 किसान नेताओ को नजरबंद किया है। पुलिस सुबह ही किसानों के घर पहुंच गयी। महिंद्रा एन्क्लेव में मनोज नागर, सरना निवासी प्रमोद त्यागी, नंदग्राम निवासी भूपेंद्र, राजनगर एक्सटेंशन में अवनीत पवार और जेके मलिक समेत 14 नेताओ के घर पुलिस पहुंची है। डीसीपी सिटी ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि किसी नेता को नजरबंद नहीं किया गया है। पुलिस एहतियातन निगाह रखे हुए है।

13 Feb 202412:00:45 PM

Delhi Chalo Live: भोपुरा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात

पूर्वी दिल्ली के भोपुरा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात है। पत्थर व लोहे के बैरिकेड लगाए हुए हैं। कटीले तार बैरिकेड पर लगाए हुए हैं। किसानों के वाहनों के टायर पंक्चर करने के लिए कीले भी रखी हुई हैं। यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।

13 Feb 202411:43:40 AM

Kisan Andolan Live: गाजियाबाद में चार किसान नेता नजरबंद

गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने मंगलवार सुबह चार किसान नेताओं को नजर बंद कर दिया। कविनगर पुलिस ने भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह को, भारतीय किसान संगठन के महेंद्रा एंक्लेव के मनोज नागर को नजर बंद किया। लोनी पुलिस ने किसान नेता मनवीर तेवतिया और मोदीनगर पुलिस ने राहुल चौधरी खंजरपुर को हाउस अरेस्ट किया है।

13 Feb 202411:38:03 AM

Farmers Protest LIVE: बवाना में किसानों के लिए जेल बनाने का प्रस्ताव खारिज

दिल्ली सरकार ने बवाना में किसानों के लिए जेल बनाने का प्रस्ताव खारिज कर दिया है। इस संबंध में दिल्ली सरकार ने कहा कि किसानों की मांगे जायज हैं। बता दें कि इससे पहले केंद्र सरकार ने बवाना स्टेडियम को किसानों के लिए अस्थाई जेल बनाने का प्रस्ताव दिया था।

13 Feb 202411:37:36 AM

Delhi Farmers Protest LIVE: नोएडा से दिल्ली जाने के लिए मिल रही कम लेन

नोएडा से दिल्ली की ओर जा रही बायीं साइड की एक लेन व दाएं साइड की एक लेन पर लगाया गया है। यहीं हाल डीएनडी बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर का भी रहा। बॉर्डर पर किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए सड़क किनारे बैरिकेड लगाए जाने के कारण वाहन चालकों को दिल्ली जाने के लिए कम लेन मिल रही है।

13 Feb 202411:36:38 AM

Delhi Chalo Live: डीएनडी से छह लेन में जाने वाला ट्रैफिक दो लेन में बदल गया

चिल्ला से तीन लेन व कालिंदी और डीएनडी से छह लेन में जाने वाला ट्रैफिक बॉर्डर पर बाटलनेक बनने से दो लेन में बदल गया है। खासतौर से सुबह व्यस्त समय में दिल्ली पुलिस की बॉर्डर पर पहरेदारी के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा से दिल्ली प्रमुख बॉर्डर पर प्रतिदिन दस लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। सबसे ज्यादा दबाव चिल्ला बॉर्डर और कालिंदी कुंज पर रहता है।

13 Feb 202411:35:36 AM

Delhi Farmers Protest LIVE: बैरिकेड लगने से नोएडा से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर लग रहा जाम

नोएडा सीमा में मौजूद यातायात पुलिसकर्मी ट्रैफिक को सामान्य बनाने में लगे हुए हैं। वहीं डीसीपी नोएडा विद्या सागर मिश्र, एडिशनल डीसीपी मनीष मिश्र डीएनडी, चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस बल के साथ मौजूद हैं। दिल्ली पुलिस के करीब 50 से अधिक जवान सेक्टर-14 ए स्थित चिल्ला बॉर्डर पर सुबह से नोएडा से दिल्ली से ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिये दिल्ली जाने वालों पर खास नजर रखी जा रही है।

13 Feb 202411:31:33 AM

Delhi Chalo Live: बॉर्डर पर बैरिकेडिंग के साथ पहरेदारी से नोएडा में लंबा जाम

किसान संगठनों के आज दिल्ली कूच के आह्वान के कारण सुबह सात बजे से दिल्ली पुलिस द्वारा चिल्ला, डीएनडी, कालिंदी कुंज बॉर्डर पर बैरिकेड लगाकर चेकिंग की जा रही है। दिल्ली पुलिस की बॉर्डर पर बैरिकेडिंड के साथ पहरेदारी के कारण बॉर्डर पर व्यस्त समय में ट्रैफिक जाम की समस्या है। बॉर्डर पार करने में लोगों को आधे से एक घंटे का समय लगा। चिल्ला बॉर्डर पर चेकिंग से दलित प्रेरणा स्थल, कालिंदी कुंज पर चेकिंग से यमुना ब्रिज व डीएनडी पर चेकिंग से लूप तक जाम रहा।

13 Feb 202411:10:23 AM

Delhi Farmers Protest LIVE: दिल्ली में धारा-144 लागू, इन चीजों पर पाबंदी

किसानों के दिल्ली कूच को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। साथ ही राजधानी में धारा-144 लागू कर कई चीजों पर पाबंदी लगाई गई है। किसानों को इस ट्रैक्टर, बस व अन्य वाहनों से दिल्ली में घुसने नहीं दिया जाएगा। सीमाओं पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

  • किसानों का दिल्ली कूच के मद्देनजर सभा, जुलूस, रैलियों व ट्रैक्टर ट्राली लेकर राजधानी में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
  • सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने 12 फरवरी से 12 मार्च तक धारा-144 लगा दी है।
  • आदेश में कहा गया है कि वर्ष 2020-21 में हुए किसानों के प्रदर्शन के अनुभव और खुफिया एजेंसियों से प्राप्त बड़े पैमाने पर गंभीर कानून व्यवस्था की समस्या के इनपुट को ध्यान में रखते हुए ऐसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए कानूनी कदम उठाना आवश्यक है।
  • दिल्ली के भीतर सार्वजनिक स्थान पर विस्फोटक, आग्नेयास्त्र, घातक हथियार या अपराध व बचाव के हथियार के रूप में इस्तेमाल किए जाने में सक्षम शस्त्र को ले जाने पर प्रतिबंध होगा।

13 Feb 202410:54:48 AM

Delhi Chalo Live: दिल्ली के बॉर्डर पर भीषण जाम

किसानों के मार्च के चलते दिल्ली के बॉर्डर बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिए गए हैं। इससे सीमा पर लंबा जाम लग रहा है। वहीं, दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है।

13 Feb 202410:35:21 AM

Farmers Protest LIVE: दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर 10 किलोमीटर लंबा जाम

किसानों के मार्च के एलान के चलते पुलिस ने कई प्रतिबंध लागू किए हैं। इसके चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर वाहनों के पहिए थम गए। इससे करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। किसानों के दिल्ली कोच को लेकर दिल्ली के रजोकरी बॉर्डर पर भारी मात्रा में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं। दिल्ली पुलिस ने एक्सप्रेस-वे की सर्विस पर बेरीकेड्स लगाकर बंद कर दिया। साथ ही फेंसिंग की जा रही हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस की ओर से ड्रोन के जरिए भी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

13 Feb 202410:24:58 AM

Delhi Chalo Live: डीएनडी मार्ग पर लंबा जाम, रेंग रहे वाहन

किसानों के दिल्ली मार्च के चलते नोएडा से दिल्ली आने वाले डीएनडी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात को लेकर कई इंतजाम किए गए हैं। मार्ग पर पुलिसकर्मी, अर्ध सैनिक बल के जवानों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है। इससे मार्ग पर लंबा जाम लग रहा है। वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आ रहे हैं।

13 Feb 202410:11:17 AM

Delhi Farmers Protest LIVE: गुरुग्राम की सड़कों पर थम गए वाहनों के पहिए

किसानों के दिल्ली चलो मार्च का असर गुरुग्राम की सड़कों पर देखा जा रहा है। इससे सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए हैं और जाम की स्थिति बन गई है। किसानों के दिल्ली कोच को लेकर दिल्ली के कापासेड़ा बॉर्डर पर लगे बेरीकेड्स पर वाहनों की चेकिंग के दौरान पुराना दिल्ली रोड पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।

13 Feb 202410:06:07 AM

Farmers Protest LIVE: सिंघु बॉर्डर पर जाम की स्थिति, ट्रैफिक के लिए एक लेन खुली; बाकी बंद

किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर सिंघु बॉर्डर पर चौकसी और कड़ी कर दी गई है। कल सिंघु बॉर्डर को दोनों सर्विस लेन बंद करने के बाद मंगलवार सुबह फ्लाईओवर की चार लेन में से तीन लेन बंद कर दी हैं। यातायात के लिए केवल एक लेन खोली गई है। इस वजह से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बॉर्डर पर जाम जैसी स्थिति बनी हुई है। इस बीच, सिंघु समेत सभी बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की संख्या कल की तुलना में लगभग दोगुनी कर दी गई है।

13 Feb 20249:52:43 AM

Delhi Farmers Protest LIVE: टीकरी बॉर्डर पर पुलिस व अर्ध सैनिक बलों के जवानों तैनात

टीकरी बॉर्डर पर पुलिस व अर्ध सैनिक बलों के जवानों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही क्रेन व ट्रक भी मौके पर मंगवाई गई है। वज्र वाहन भी टीकरी बॉर्डर पर पहुंच गए हैं।

13 Feb 20249:40:12 AM

Delhi Chalo Live: गाजीपुर बॉर्डर पर सर्विस लेन बंद

किसानों के दिल्ली कूच के चलते गाजीपुर बॉर्डर पर सर्विस लेन बंद है। एनएच-नौ व दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे खुला हुआ है। यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। दिल्ली पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात है। यमुनापार से नई दिल्ली को जोड़ने वाली सड़के विकास मार्ग, गीता कालोनी, शाहदरा जीटी रोड व वज़ीराबाद रोड पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है किसानों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

13 Feb 20249:37:55 AM

Farmers Protest LIVE: अभी सील नहीं किया गया टीकरी बॉर्डर

किसानों के दिल्ली कूच को लेकर टीकरी बॉर्डर को अभी सील नहीं किया गया है। दिल्ली से हरियाणा के बहादुरगढ़ व बहादुरगढ़ से दिल्ली की ओर वाहनों का आवागमन हो रहा है।कंटेनर में मिट्टी डालकर, लोहे के बैरिकेड पर कंटीली तार लगाकर व सीमेंट के बैरिकेड को सड़क किनारे रखा गया है।पुलिस ने तंबू गाड़ दिए हैं, आज महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात कर दिया गया है।कल पुलिस आयुक्त भी टीकरी बार्डर का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

13 Feb 20249:37:03 AM

Delhi Chalo Live: पलवल में रूट डायवर्ट लागू

किसान संगठनों के दिल्ली कूच के चलते पलवल पुलिस अलर्ट है। पुलिस की आमजन से अपील अनावश्यक रुप से चंडीगढ़ व दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने से बचे । जरूरी होने पर आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए पलवल पुलिस द्वारा रूट डायवर्ट किया गया है।

जो इस प्रकार रहेगा-
उत्तर प्रदेश/होडल/पलवल से दिल्ली-चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालको को सलाह दी जाती है कि वे या तो कुंडली मानेसर एक्सप्रेसवे(केएमपी) या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे( कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) मार्ग का प्रयोग करते हुए चंडीगढ़ पंचकुला जाए। किसी भी असहज परिस्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें।

13 Feb 20249:35:32 AM

Farmers Protest LIVE: राजस्थान सीमा की विशेष निगरानी कर रही नूंह पुलिस

कई किसान संगठनों के पदाधिकारियों की ओर से दिल्ली कूच को लेकर नूंह पुलिस की ओर से राजस्थान सीमा की विशेष निगरानी की जा रही है। राजस्थान की ओर से आने वाले वाहनों खासकर ट्रैक्टर को जांच के बाद ही आने दिया जा रहा है।

13 Feb 20249:34:31 AM

Delhi Farmers Protest LIVE: कुंडली बॉर्डर पर एक-एक लेन खुली, जांच के बाद आवागमन

सोनीपत। कुंडली बॉर्डर पर दिल्ली जाने व आने के लिए एक-एक लेन खुली है। जांच के बाद वाहनों को जाने-आने दिया जा रहा है। केएमपी फ्लाईओवर के नीचे सोनीपत पुलिस ने नाका लगा रखा है। भारी वाहनों को केएमपी व केजीपी के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है। बाकी छोटे बॉर्डरों को सील कर दिया गया है। रात में ही रास्तों को खोद दिया था। पैदल निकलने का भी रास्ता नहीं है। पुलिस व प्रशासन की तैयारी पूरी है। किसानों की मूवमेंट पर आगामी कार्रवाई आधारित रहेगी।

13 Feb 20249:32:31 AM

Delhi Chalo Live: गुरुग्राम में सड़क पर बैरिकेड रख वाहनों की जांच, लोगों के आईडी कार्ड देखे

गुरुग्राम: किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए सिरहोल, रजोकरी, मानेसर घाटी, पचगांव और कापड़ीवास बॉर्डर पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। सभी जगह पर बैरिकेडिंग कर रात 12 बजे से ही दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच की गई। इसमें बैठे लोगों के आई कार्ड देखकर उन्हें आगे के लिए जाने दिया गया। सिरहौल बॉर्डर पर भी जांच के चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे सुबह के समय ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। यही हाल कापड़ीवास, मानेसर घाटी और पचगांव चौक के पास भी रहे। वाहनों की जांच के कारण यहां भी जाम की स्थिति बन गई।

13 Feb 20249:28:41 AM

Delhi Chalo Live: चेकिंग के बाद दिल्ली में एंट्री, यूपी की सीमा में लगा लंबा जाम

किसानों के दिल्ली में कूच करने को लेकर बार्डर पर कड़ा पहरा है। एक एक वाहन चेक कर दिल्ली में प्रवेश कराए जा रहे हैं। इससे डीएमई, एनएच नौ, महाराजपुर बार्डर, लिंक रोड, गौड़ ग्रीन एवेन्यू कट पर सुबह जाम लग गया। दिल्ली में प्रवेश करने में आधे घंटे से अधिक समय लग गया। मुख्य सड़कों पर जाम के चलते आंतरिक सड़कों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। यातायात पुलिस मौके पर मौजूद है। स्थानीय पुलिस भी अलर्ट पर है। पल पल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।

Also Read-

आज से किसानों का दिल्ली कूच, राजधानी की सभी सीमाएं सील; पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी; जानिए राजधानी में क्या है बैन?

13 Feb 20249:22:17 AM

Delhi Farmers Protest LIVE: एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो का करें इस्तेमाल

किसानों के प्रदर्शन के चलते दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से यात्रियों के लिए सलाह जारी की गई है। इसमें यात्रियों से समय से एयरपोर्ट पहुंचने के लिए मेट्रो का उपयोग करने के लिए की अपील की गई है। क्योंकि किसानों के मार्च के चलते राजधानी में कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा, इससे जाम की स्थिति में फंस सकते हैं।

13 Feb 20249:18:38 AM

Farmers Protest LIVE: किसानों के दिल्ली कूच को लेकर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट

विभिन्न किसान संगठनों के आज दिल्ली कूच के आह्वान को लेकर पुलिस अलर्ट है। पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य सीमा पर नाकेबंदी की पूरी जानकारी ले रहे हैं। यहां सीकरी, पलवल के गदपुरी और फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर सराय, झाड़सेंतली, खोरी व मांगर के नाकों पर पुलिसफोर्स तैनात है। हर आने-जाने वाले से पूछताछ हो रही है। वाहनों की चैकिंग की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने बॉर्डर से आने-जाने वाले सभी पर पूरी तरह से नजर रखने के निर्देश दिए हैं।