Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Himachal Assembly Election : यहां गुरु और शिष्‍य आमने-सामने, कभी रहे थे साथ अब दोनों में छत्‍तीस का आंकड़ा


पद्धर (मंडी), । द्रंग विधानसभा क्षेत्र में इस बार गुरु और चेले (शिष्‍य) के बीच रोचक मुकाबला होने वाला है। भाजपा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री की राह रोकने के लिए कौल के खिलाफ उनके शिष्‍य पूर्ण चंद को टिकट देकर चुनावी समर में उतारा है। कभी ये दोनों नेता साथ साथ होते थे। लेकिन अब दोनों में छत्‍तीस का आंकड़ा है। यहां सिटिंग विधायक जवाहर ठाकुर का टिकट कटने से भाजपा कार्यकर्ता अचंभे में हैं। बताया जा रहा है भाजपा हाईकमान ने सर्वेक्षण के आधार पर पूर्ण चंद ठाकुर को सशक्त मानते हुए टिकट सौंपा है।

जवाहर ठाकुर ने किया समर्थन

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि द्रंग से भाजपा टिकट की मांग कर रहे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ज्योति कपूर की बढ़ती राह को रोकने के लिए विधायक जवाहर ठाकुर न समझौता कर अपना टिकट कटने पर पूर्ण चंद ठाकुर को टिकट दिए जाने की पैरवी की। जवाहर ठाकुर ने बाकायदा अपने फेसबुक पेज से 21 अक्टूबर को पूर्ण चंद ठाकुर के नामांकन को लेकर कार्यकर्ताओं से उपस्थिति दर्ज करवाने का आह्वान किया है।

ज्‍योति कपूर समर्थक उतरे विरोध में

दूसरी ओर ज्योति कपूर समर्थकों ने कांग्रेस विचारधारा के व्यक्ति को भाजपा टिकट दिए जाने पर कड़ा एतराज जताया है। ज्योति कपूर के समर्थकों ने बतौर आजाद चुनाव लड़ने का ऐलान तक कर दिया है। भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता जीके पंडित ने फेसबुक पेज में लाइव आकर यह ऐलान किया है। भाजपा हाईकमान के निर्णय से भाजयुमो कार्यकर्ता खासे मायूस हैं।

पूर्ण चंद ठाकुर उतरे थे आजाद

2017 के विधानसभा चुनावों में पूर्ण चंद ठाकुर के आजाद चुनाव लड़ने से कौल सिंह ठाकुर को हार का सामना करना पड़ा था। त्रिकोणीय मुकाबले में विधायक जवाहर ठाकुर 6541 मतों से विजयी हुए थे।

दोनों में रोचक होगा मुकाबला

कौल सिंह ठाकुर चुनाव हारने के बावजूद सीधा जनता के बीच जुड़े हुए हैं। विधानसभा क्षेत्र के हर छोटे बड़े गांव का दो-दो बार जनसंपर्क अभियान के तहत दौरा कर चुके हैं। वहीं पूर्ण चंद ठाकुर भी 5 सालों से जनता के बीच जुड़े हुए हैं। ऐसे में गुरु चेले में इस बार कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं।

दोनों नेता इस दिन भरेंगे नामांकन

बहरहाल कौल सिंह ठाकुर वीरवार को अपना नामांकन भरेंगे। इस दौरान पद्धर में विशाल जनसभा का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं पूर्ण चंद शुक्रवार को अपना नामांकन  भरने जा रहे हैं। जवाहर ठाकुर सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की पूर्ण चंद के नामांकन में कितनी उपस्थिति रहती है। यह देखने काबिल होगा।