News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

Karnataka: प्रधानमंत्री का अपमान, राष्ट्र का अपमान; सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर साधा निशाना


 नई दिल्ली। कर्नाटक के चुनावी दौरे के दूसरे दिन चार जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जहरीले सांप वाले बयान पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान, राष्ट्र का अपमान है। वह भारत का अपमान कर रहे हैं। वह भारत के 140 करोड़ लोगों का अपमान कर रहे हैं। भारत का अपमान करने वालों को हमें स्वीकार नहीं करना चाहिए।

सीएम ने खरगे पर साधा निशाना

सीएम योगी ने रविवार को चार जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत समृद्ध हो रहा है और एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार हो रहा है।” योगी ने जद एस, कांग्रेस और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी निशाना साधा और कहा, ‘जिस तरह खरगे लोकसभा चुनाव में हारे थे, उसी तरह उनके बेटे भी विधानसभा चुनाव में हारेंगे।’

कांग्रेस करती है आतंकवाद का महिमामंडन

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आतंकवाद का महिमामंडन करती है। उन्होंने लोकतंत्र को बंधक बनाकर उसे अपनी विरासत बनाने की कोशिश की। लेकिन लोकतंत्र की मालिक तो जनता ही है। वह उन्हीं का साथ देगी जो जनता के हितों की रक्षा करेंगे और जनता का आदर करेंगे। भाषण की शुरुआत कन्नड़ भाषा के चंद वाक्यों से करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने भगवान राम और हनुमान के बीच मजबूत बंधन का उल्लेख करके दोनों राज्यों के बीच एक संबंध बताया।

गंगावती परना मुनावल्ली से भाजपा प्रत्याशी के लिए मांगा वोट

उन्होंने कहा, ”सुग्रीव, माता शबरी और वाल्मीकि सभी कर्नाटक से जुड़े हुए थे और कर्नाटक राज्य ने भगवान राम के दिनों से उत्तर और दक्षिण के बीच एक सेतु के रूप में काम किया है।” सीएम ने कर्नाटक के लोगों को 2024 में अयोध्या आने का न्योता भी दिया, जब भव्य राम मंदिर का उद्घाटन होगा। गंगावती परना मुनावल्ली से भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘हजारों सालों से यूपी और कर्नाटक एक भारत-श्रेष्ठ भारत के आदर्श रूप रहे हैं।’

उन्होंने कहा, ”हाल ही में भारत सरकार ने गंगावती से अयोध्या के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।” योगी ने आरोप लगाया, ”कर्नाटक में कांग्रेस और जद एस सरकारें तुष्टिकरण की राजनीति करती थीं और कर्नाटक में दंगों के लिए जिम्मेदार थीं, जबकि डबल इंजन सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के सशक्तिकरण के लिए काम किया।”

उन्होंने कहा कि 2017 से उत्तर प्रदेश में खुशहाली, शांति और संपन्नता है। जिस तरह से उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, वैसे ही कर्नाटक में भी करेगी। उन्होंने कहा, ‘इसलिए कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस के विफल इंजन को खारिज कर दिया और भाजपा की डबल इंजन सरकार में अपना भरोसा जताया।’

सीएम योगी ने कहा कि रायचूर शहर से भाजपा प्रत्याशी एस. शिवराज पाटिल डाक्टर हैं। सीएम योगी ने कहा, ”वह हर बीमारी की दवा जानते हैं। कर्नाटक भारत की प्रगति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बेंगलुरु आइटी कौशल के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। कर्नाटक के युवा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”