Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

Los Angeles shooting: लॉस एंजेलिस गोलीबारी के संदिग्ध ने खुद को वैन में मारी गोली, 10 लोगों ने गंवाई थी जान


लॉस एंजेलिस लॉस एंजेलिस गोलीबारी के संदिग्ध ने खुद को गोली मार ली है। जानकारी के अनुसार, पुलिस का कहना है कि लॉस एंजेलिस सामूहिक गोलीबारी के संदिग्ध ने पुलिस द्वारा घेरे जाने के बाद खुद को वैन में गोली मार ली है।

10 लोगों की हुई थी मौत

बता दें कि अमेरिका के लॉस एंजेलिस के बॉलरूम डांस क्लब में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस गोलीबारी में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद से ही पुलिस घटना के आरोपी की तलाश कर रही थी। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संदिग्ध की घेराबंदी की थी। जिसके बाद उसने पुलिस से बचने के लिए खुद को वैन में ही गोली मार ली।

पुलिस ने की मृतक की पहचान

लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ रॉबर्ट लूना ने मृत व्यक्ति की पहचान 72 वर्षीय हू कैन ट्रान के रूप में की और कहा कि कोई अन्य संदिग्ध फरार नहीं है। उन्होंने कहा कि हमले का मकसद स्पष्ट नहीं है, जिसमें 10 लोग मारे गए और कई घायल हुए।

पुलिस को वैन से एक असॉल्ट पिस्टल भी मिली

पुलिस को एक मैगजीन से भरी सेमी-ऑटोमैटिक असॉल्ट पिस्टल भी वैन में मिली है, पुलिस को संदेह है कि इसी से ही लॉस एंजेलिस में घटना को अंजाम दिया गया था। हालांकि, पुलिस की ओर से इसे लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई है।

राष्ट्रपति ने भी जताया दुख

वहीं, राष्ट्रपति बाइडन ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वह और प्रथम महिला जिल बाइडन उन लोगों के बारे में सोच रहे हैं, जो गोलीबारी में मारे गए और घायल हुए हैं। राष्ट्रपति ने संघीय अधिकारियों को जांच का समर्थन करने का निर्देश दिया है।

घटना पर उठाए सवाल

वहीं, लॉस एंजेलिस घटना पर कांग्रेस महिला जूडी चू ने कहा मेरे मन में अभी भी कई सवाल हैं, इस शूटर का मकसद क्या था? क्या उसे कोई मानसिक बीमारी थी? क्या वह एक घरेलू हिंसा दुर्व्यवहार करने वाला था? उसे ये बंदूकें कैसे मिलीं और क्या यह कानूनी माध्यम से थी या नहीं।

क्या है मामला

बता दें कि कैलिफोर्निया प्रांत के लॉस एंजिलिस के पूर्व में स्थित मोंटेरे पार्क शहर में शनिवार रात हुई गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। यह घटना रात करीब 10.20 बजे की है। 60,000 निवासियों वाले शहर मोंटेरे पार्क में बड़ी संख्या में एशियाई आबादी रहती है। एक चश्मदीद ने बताया कि तीन लोग उसके रेस्तरां में भागते हुए आए और उसे दरवाजा बंद करने को कहा। उन्होंने बताया कि इलाके में मशीन गन लिए एक शख्स है जो गोलीबारी कर रहा है।