Latest News नयी दिल्ली महाराष्ट्र

Maharashtra: नाना पटोले के बयान पर देवेंद्र फडणवीस की नसीहत, सोनिया गांधी को उन्हें नोबेल देना चाहिए


मुंबई, Maharashtra News: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) के नामीबिया से लाए गए चीतों को लेकर दिए गए बयान से महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) को उन पर हमला बोलने का मौका मिल गया है। उन्होंने कहा कि चीतों पर दिए गए उनके बयान के लिए सोनिया गांधी (Soina Gandhi) को उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करना चाहिए। पटोले को इतनी जानकारी भी नहीं है कि चीते किस देश से लाए गए हैं। बिना जानकारी के बात करना उनकी आदत है।

पटोले ने लंपी वायरस फैलने के लिए चीतों को बताया था जिम्मेदार

सोमवार को नाना पटोले ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि गायों में लंपी वायरस को फैलाने के लिए केंद्र सरकार जानबूझकर नाइजीरिया से चीते लेकर आई है। वह तीन कृषि कानून वापस लिए जाने का बदला किसानों से लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि नाइजीरिया में लंपी वायरस लंबे समय से फैलता रहा है। चीते भी वहीं से लाए गए। इसके बाद से यह रोग भारत की गायों में भी फैल रहा है। पटोले यह बयान देते हुए भूल गए कि आठ चीते नाइजीरिया से नहीं, बल्कि नामीबिया से लाए गए हैं।

नाना  पटोले के बयान पर तो हंसी आती है: प्रभात लोढ़ा

नाना पटोले के इस बयान पर राज्य के पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नाना पटोले के इस बयान पर तो हंसी आती है। उन्होंने तो अपने बयान में इस बीमारी को भी एक हल्का फुल्का मुद्दा बना दिया है। जबकि, दूसरी ओर गायों को इस बीमारी से बचाने के लिए प्रधानमंत्री ने वैक्सीन देने की व्यवस्था भी की है।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, पीएफआइ पर प्रतिबंध सही

देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बात करते हुए केंद्र सरकार द्वारा पीएफआइ पर लगाए गए प्रतिबंध को सही बताया। उन्होंने कहा कि वह देश के खिलाफ साजिश रच रही थी। इसलिए, उस पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि पीएफआइ से जुड़े संगठन महाराष्ट्र के धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर सकते हैं। लोकतंत्र विरोधी ताकतें कहीं भी घुसकर व्यवधान उत्पन्न कर सकती हैं। इसलिए, ऐसे किसी भी कार्यक्रम के आयोजकों को सावधान रहना चाहिए।