Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश

MP: कांग्रेस ने चुनावी कैंपेन के लिए चुराया पाकिस्तान के पूर्व PM का थीम सॉन्ग, BJP ने लगाया गंभीर आरोप


भोपाल, । मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले है। कांग्रेस और भाजपा चुनाव अभियान के लिए जोरों-शोरों से तैयारी कर रही है। चुनावी अभियान के लिए कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में जन आक्रोश यात्रा का एलान किया है, जिसका एक थीम सॉन्ग भी रिलीज किया गया है।

इस गाने का नाम है-  ‘चलो, चलो… कांग्रेस के संग चलो चलो’। अब इस गाने को लेकर बवाल मच गया है। दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा स्थापित पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम गीत ‘चलो, चलो इमरान के साथ’ है। इसी कड़ी में भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस पर गाना चोरी करने का आरोप लगाया है।

इमरान खान की पार्टी का थीम सॉन्ग चुराया

ये विवाद तब शुरू हुआ जब मध्य प्रदेश भाजपा इकाई के सचिव राहुल कोठारी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी ने अपने हाल ही में जारी गीत की नकल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के थीम गाने सी की है। राज्य भाजपा ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) पर कांग्रेस के चुनाव अभियान गीत के साथ पाकिस्तान स्थित पार्टी के थीम गीत का वीडियो शेयर किया है।

कोठारी ने वीडिया शेयर करने के साथ ही लिखा, ‘अब तक, कांग्रेस उन लोगों को स्वीकार करती थी जो पाकिस्तान के पक्ष में और हिंदुस्तान के खिलाफ नारे लगाते थे। अब, मध्य प्रदेश कांग्रेस भी पाकिस्तान से गाने उधार ले रही है।’ कोठारी ने कहा, यह कोई बड़ी बात नहीं होगी अगर कांग्रेस का झंडा जल्द ही पूरी तरह हरा हो जाए।

भाजपा ने शेयर किया वीडियो, लगाए गंभीर आरोप

बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर आया सामने। कांग्रेस मध्य प्रदेश ने अपने चुनाव कैंपेन सॉन्ग के लिए पाकिस्तान के इमरान खान की पार्टी का थीम सॉन्ग चुरा लिया। कांग्रेस की ‘चोरी’ करने की आदत पुरानी है, लेकिन पाकिस्तान से इतना प्यार क्यों? कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।’

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने भाजपा के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा, ‘भाजपा शायद भूल गई है कि बिना निमंत्रण के पाकिस्तान कौन गया था और किसने अपने शपथ समारोह में पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया था।’

17 सितंबर से शुरू हुई कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा

कांग्रेस ने 17 सितंबर को ‘चलो, चलो…’ गीत लॉन्च किया था। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और दलितों के खिलाफ अपराध जैसे विभिन्न मुद्दों को उजागर करने के लिए कांग्रेस 15 दिनों में मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में 11,400 किलोमीटर की दूरी तय करने की उम्मीद है। वहीं, भाजपा ने ‘लोगों का आशीर्वाद लेने’ के लिए पहले ही ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ शुरू कर दी है। विभिन्न स्थानों से निकाली जा रही यात्राओं का समापन 25 सितंबर को भोपाल में होगा।