Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

Muzaffarpur: दबंग की बर्थडे पार्टी में ताबड़तोड़ फायरिंग से थर्राया सकरा, नशे में धुत 11 गिरफ्तार


मुजफ्फरपुर। शहर के सकरा थाना क्षेत्र के रुपनपट्टी स्थित एक होटल में एक दबंग के जन्मदिन पर कई राउंड फायरिंग की गई। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा गया। वहीं मौके से पुलिस ने दो राइफल और 56 गोलियां जब्त की हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम रुपनपट्टी स्थित एक होटल में चारपहिए वाहन से कुछ लोग होटल में जुटे। बताया जा रहा है कि समस्तीपुर के एक दबंग व्यक्ति का जन्मदिन था। उसी को लेकर होटल में पार्टी का आयोजन किया गया था। इस जन्मदिन पार्टी में खाना के साथ जमकर लोगों ने शराब की जाम छलकाईं। इसके बाद संगीत की धुन पर बदमाशों ने डांस के साथ कई राउंड फायरिंग की। एक के बाद एक गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों को लगा कि कोई अप्रिय घटना हो गई, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सकरा थाना पुलिस के कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर होटल में रुके बदमाश भागने लगे। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से दबोच लिया। इनमें से कई लोग शराब के नशे में धुत थे। मौके से पुलिस को दो राइफल और 56 गोली मिली हैं।

पुलिस का कहना है कि पकड़े गए सभी 11 लोगों को थाने पर लाया गया है। आरोपियों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर शराब पीने की पुष्टि होगी। वहीं जब्त राइफल का कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ में जुट गई है, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।