News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

Parliament Monsoon Session: 25 हवाई अड्डों पर नहीं है रात में विमान उतरने की सुविधा, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने राज्यसभा में दी जानकारी


नई दिल्ली, । Parliament Monsoon Session: देश के 25 हवाई अड्डों पर रात में विमान उतारने की सुविधा नहीं है। इस सूची में शिमला, कुशीनगर और हाल ही शुरू हुआ देवघर के हवाई अड्डे भी शामिल हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से यह जानकारी सोमवार को राज्यसभा में दी गई। बताया गया कि रात में विमान उतारने सहित अन्य सुविधाओं के विकास के लिए मंत्रालय लगातार कार्य कर रहा है। यह जानकारी समाचार एजेंसी आइएएनएस ने दी।

स्पाइसजेट के विमानों में नहीं मिली कोई बड़ी गड़बड़ी

विमान सेवा से संबंधित एक अन्य जानकारी में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वीके सिंह ने बताया कि हाल में यात्री विमानों की उड़ान के दौरान आई शिकायतों के मद्देनजर नागरिक उड्डयन के महानिदेशक ने औचक निरीक्षण शुरू किया है। इस निरीक्षण में स्पाइसजेट कंपनी के 48 विमानों की व्यवस्थाएं परखी गईं। इसमें सुरक्षा नियमों का कोई बड़ा उल्लंघन नहीं पाया गया। इस कंपनी के विमानों में 19 जून के बाद 18 दिनों में आठ तकनीक गड़बडि़यां सामने आई थीं। इसके बाद इस निरीक्षण की जरूरत महसूस हुई।

26,126 ग्रामीण स्थलों पर मिला दूषित पेयजल

देश के 26,126 ग्रामीण स्थानों पर पेयजल में अशुद्धियां पाई गई हैं। यह स्थिति पांच रोज पहले 20 जुलाई तक की है। यह जानकारी केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने राज्यसभा को दी है। जबकि इसी साल एक अप्रैल तक देश में 26,279 अशुद्ध पेयजल स्त्रोत पाए गए थे। एक अप्रैल, 2020 को 36,054 स्थानों का पानी दूषित पाया गया था। राज्य मंत्री ने बताया कि अशुद्ध जल स्त्रोतों की संख्या लगातार कम हो रही है। पेयजल के ये नमूने 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 408 जिलों से लिए गए।