Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

President In Jamnagar: राष्ट्रपति ने कहा, भारतीय नौसेना निरंतर और सशक्त बन रही


जामनगर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने शुक्रवार को गुजरात में कहा कि भारतीय नौसेना मिशन की विस्तृत श्रृंखला को पूरा करने के लिए अपनी ताकत लगातार बढ़ा रही है। राष्ट्रपति ने जामनगर में आइएनएस वलसुरा को प्रेसिडेंट कलर से सम्मानित किया। एक अधिकारी ने कहा कि प्रेसिडेंट कलर सैन्य इकाई को शांति और युद्ध दोनों में राष्ट्र को दी गई असाधारण सेवा के सम्मान में दिया जाता है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय नौसेना समुद्री क्षेत्र में हमारे राष्ट्रीय हितों की रक्षा कर रही है। नौसेना पिछले कुछ वर्षों में युद्ध के लिए तैयार विश्वसनीय और एकजुट बल के रूप में उभरी है और हिंद महासागर क्षेत्र में एक पसंदीदा सुरक्षा भागीदार है।

राष्ट्रपति जो सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर भी हैं, ने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि भारतीय नौसेना लगातार हमारे राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा के लिए संकल्प और दृढ़ता के साथ विकसित हुई है। उन्होंने कहा कि नौसेना विभिन्न लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लगातार अपनी ताकत बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना लंबी अवधि की संभावित योजनाओं को ध्यान में रखते हुए और मिशन के विस्तार की सीमा को पूरा करने की दिशा में लगातार अपनी ताकत बढ़ा रही है। इस अवसर पर औपचारिक परेड आयोजित की गई और राष्ट्रपति को 150 पुरुष गार्ड आफ आनर प्रदान किया गया।