Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Punjab Election 2022: मतगणना का समय नजदीक आते ही नेताओं की धड़कन बढ़ी


चंडीगढ़। Punjab Assembly Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान हुआ था। चार अन्य राज्यों में भी चुनाव के कारण पंजाब को मतगणना के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। सभी पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड व पंजाब मे मतगणना 10 मार्च को होगी। मतगणना का समय नजदीक आते ही नेताओं के दिलों की धड़कनेॆ तेज हो गई हैं। एग्जिट पोल भी आ चुके हैं, लेकिन असल नतीजों के लिए मतगणना का इंतजार है, क्योंकि पिछली बार एग्जिट पोल नतीजों पर खरे नहीं उतर पाए। पंजाब में विधानसभा की 117 सीटें हैं। चुनाव आयोग ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर दी हैं।

पंजाब में इस बार रोचक मुकाबला है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिअद-बसपा गठबंधन, भाजपा गठबंधन के साथ-साथ किसानों का संगठन संयुक्त समाज मोर्चा भी चुनाव मैदान में है। आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान, जबकि कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम फेस के रूप में चुनाव मैदान में उतारा है। किसानों के संगठन के सीएम फेस बलबीर सिंह राजेवाल हैं, जबकि शिअद की ओर से सुखबीर सिंह बादल सीएम फेस हैं। भाजपा गठबंधन ने सीएम फेस नहीं दिया है।

इस बार पिछले विधानसभा चुनावों के मुकाबले मतदान प्रतिशत कम रहा। पिछली बार 78 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान कम होने का नफा-नुक्सान किसको होगा राजनीतिक पंडित भी इस बारे में कुछ बता नहीं पा रहे है। दरअसल, इस बार कई सीटों पर पांचकोणीय मुकाबले हैं। भले ही इनमें कोई पार्टी कमजोर हो, पर दूसरे के जीत के समीकरण बिगाड़ने में सक्षम है।