Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Punjab Election 2022: ये हैं पंजाब की पांच प्रमुख हाट सीट,


जालंधर। पंजाब विधानसभा चुनाव में इस बार मुकाबला रोचक है। पहली बार अकाली दल भाजपा से अलग चुनाव लड़ रहा है। अकाली दल बसपा के साथ गठबंधन में है तो भाजपा कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस व ढींडसा की पार्टी के साथ गठबंधन में है। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी अकेले ही चुनाव मैदान में हैं। किसानों का संगठन संयुक्त किसान मोर्चा भी चुनाव लड़ रहा है। आइए राज्य की प्रमुख हाट सीट पर नजर डालते हैं…

लंबी विधानसभा सीट: पंजाब के पांच बार सीएम रह चुके प्रकाश सिंह बादल भी 95 की उम्र में भी चुनाव मैदान में हैं। वह फिर लंबी से किस्मत आजमा रहे हैं। बादल देश के सबसे वयोवृद्ध नेताओं में शामिल हैं। संभवतः वह पंजाब में अब तक के सबसे वयोवृद्ध प्रत्याशी हैं। आप ने गुरमीत खुडि्डयां और कांग्रेस ने यहां से जगपाल सिंह अबुलखुराना को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट से 7 उम्मीदवार मैदान में हैं।

चमकौर साहिब : मुख्यमंत्री व कांग्रेस के सीएम फेस चरणजीत सिंह चन्नी इस बार दो विधानसभा सीटों से किस्मत आजमा रहे हैं। अभी वह चमकौर साहिब विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से 9 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने यहां से चरणजीत सिंह और अकाली दल-बसपा गठबंधन ने हरमोहन सिंह को टिकट दिया है। दोनों उम्मीदवार चन्नी को कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं। चमकौर साहिब सीट पर सीएम चन्नी को जीत हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी होगी। इसके अलावा चन्नी भदौड़ से भी चुनाव मैदान में हैं। यहां से 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी ने यहां से लाभ सिंह उघोके और अकाली दल ने सतनाम सिंह राही को टिकट दिया है। यह सुरक्षित सीट है। चन्नी पहली बार यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां भी उन्हें जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।

पटियाला अर्बन : यहां से पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आप ने पूर्व मेयर अजीतपाल कोहली और कांग्रेस ने पूर्व मेयर विष्णु शर्मा को यहां से टिकट दिया है। कांग्रेस से अलग होने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाई है। कैप्टन की पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन है। इस बार का चुनाव कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है। यह चुनाव उनकी भविष्य की राजनीति को तय करेगा।

जलालाबाद : यहां से 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जलालाबाद से अकाली-बसपा गठजोड़ के सीएम चेहरे सुखबीर बादल चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने मोहन सिंह फलियांवाल और आम आदमी पार्टी ने जगदीप कंबोज को टिकट दिया है।

धूरी : यहां से आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरे भगवंत मान चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। अकाली दल ने प्रकाश चंद गर्ग और कांग्रेस ने दलवीर सिंह गोल्डी को टिकट दिया है।