News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Punjab Elections: अरविंद केजरीवाल गोवा दौरे पर तो पत्नी-बेटी ने पंजाब चुनाव में संभाला मोर्चा


नई दिल्ली, । लगातार तीन बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में धमाकेदार जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी पंजाब, यूपी और उत्तरखंड में पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार पंजाब और गोवा के दौरे कर रहे हैं। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 10-11 फरवरी को गोवा के दो दिवसीय दौरे पर हैं तो पंजाब में चुनाव प्रचार में पत्नी सुनीता केजरीवाल और बेटी हर्षिता ने मोर्चा संभाल लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक,  अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और बेटी हर्षिता केजरीवाल पंजाब राज्य विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए पंजाब जाएंगे। दोनों शुक्रवार को संगरूर जिले के धुरी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान की ‘जनसभा’ में शामिल होंंगे।

यहां पर बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में भी पापा अरविंद केजरीवाल को चुनाव में जीत दिलाने के लिए बेटी हर्षिता ने कंपनी से 5 महीने की छुट्टी ली थी। तब अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा था – ‘मेरी बेटी मल्टी नेशनल कंपनी में काम करती है। वह पांच महीने की छुट्टी लेकर आई है। वह मेरी विधानसभा में घूम रही है। लोगों से मिल रही है। लोग उससे कह रहे हैं। आप इतनी मेहनत क्यों कर रही हो। आप तो मुख्यमंत्री की बेटी हो। सीएम तो चुनाव जीत ही जाएंगे। तब उसने (हर्षिता) कहा मैं सीएम के लिए नहीं आजादी की दूसरी लड़ाई में आहुति देने आई हूं।’

गौरतलब है कि बेटी हर्षिता ने पंजाब चुनाव 2017 के दौरान अपने पिता अरविंद केजरीवाल के साथ कैंपेनिंग की थी। पंजाब चुनाव में भले ही आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर रही, लेकिन यहां चुनाव प्रचार के दौरान अपनी मां और भाई के साथ सड़कों पर उतर कर उन्होंने लोगों से वोट मांगा था। बता दें कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने भी पंजाब चुनाव के दौरान दीनानगर चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था। उस दौरान पार्टी के रोड शो के दौरान सुनीता केजरीवाल के साथ ही गाड़ी में थीं। यह अलग बात है कि उन्होंने केजरीवाल के साथ मंच शेयर नहीं किया था।