Latest News नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

Rajasthan: अशोक गहलोत बोले-यूपी व एमपी में निर्दोषों पर चले बुलडोजर


जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उत्तर प्रदेश (यूपी) और मध्य प्रदेश (एमपी) में दंगों के बाद बुलडोजर चलाए जाने पर कहा कि पता नहीं देश किस दिशा में जा रहा है। अशोक गहलोत ने भाजपा सरकारों पर निर्दोष लोगों पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में निर्दोष लोगों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि करौली में माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। करौली दंगे के मुद्दे को लंबा खींचा जा रहा है। विधानसभा चुनाव तक माहौल बनाए रखना चाहते हैं। अशोक गहलोत सोमवार को इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की जयपुर में हुई कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

कहा, धर्म के नाम पर की जा रही है राजनीति

इस मौके पर अशोक गहलोत ने कहा कि करौली मुद्दे को जानबूझकर लंबा खींचा जा रहा है। 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही तैयारी शुरू हो गई हैं, इसलिए भाजपा के नेता माहौल बना रहे हैं। यह खतरनाक माहौल है। धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। सत्ता में बैठे लोग चुनाव जीतकर तो आ गए, लेकिन उनका लोकतंत्र में कोई यकीन नहीं है। हिंसा करने वाले असामाजिक तत्व हैं। अशोक गहलोत ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम के नाम पर झगड़े करवाकर चुनाव जीतना आसान है, लेकिन चुनाव जीतना ही सबकुछ होता है क्या, इसके अलावा भी बहुत कुछ होता है।