Latest News खेल

Ranji Trophy 2022 QF: बंगाल के खेल मंत्री का दिखा दम, झारखंड के खिलाफ खेली शतकीय पारी


नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। रणजी ट्राफी पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बंगाल का सामना झारखंड से हो रहा है। इस मुकाबले में पहली पारी में इतिहास रचते हुए बंगाल ने 7 विकेट पर 773 रन बनाकर पारी घोषित की। शानदार गेंदबाजी के दम पर 298 रन पर झारखंड को ढेर कर पहली पारी में टीम ने 475 रन की विशाल बढ़त हासिल की। इस मैच में मुख्य आकर्षण रहे बंगाल के खेल मंत्री मनोज तिवारी जिन्होंने पहली पारी में अर्धशतक जमाया जबकि दूसरी पारी में शानदार शतक ठोका। इस पारी के दम पर दूसरी पारी में बंगाल की टीम ने दूसरी पारी में 300 से ज्यादा रन बनाते हुए बढ़त 800 के करीब पहुंचाया।

रणजी ट्राफी के इतिहास में ऐसा पहले नहीं देखा गया जब कोई मौजूदा MLA जिसे राज्य में खेल मंत्री का पद हासिल हो वह क्वार्टर फाइनल जैसे अहम मुकाबला खेलने उतरे। मनोज ने ना सिर्फ टीम के लिए यह अहम मुकाबला खेला बल्कि दोनों पारी में दमदार बल्लेबाजी भी की। पहली पारी में मनोज ने 173 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 73 रन की पारी खेली। वहीं दूसरी पारी में 136 रन की बेहतरीन पारी खेल डाली। उन्होंने 78 गेंद पर 8 चौके की मदद से पचास रन पूरे किए। इसके बाद 152 गेंद खेलने के बाद 14 चौके और 1 छक्के जमाते हुए अपना शतक बनाया। यह फर्स्टक्लास क्रिकेट में मनोज का 28वां शतक था।