Latest News नयी दिल्ली बिजनेस राष्ट्रीय

Reliance ने Oxygen की आपूर्ति बढ़ायी, सप्लाई कर रही है प्रतिदिन 700 टन ऑक्सीजन


नई दिल्ली,  रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गुजरात के जामनगर स्थित अपनी तेल रिफाइनरियों में मेडिकल ग्रेड के ऑक्सीजन का उत्पादन बढ़ा दिया है। कंपनी ने मेडिकल ग्रेड के ऑक्सीजन के उत्पादन को बढ़ाकर 700 टन रोजाना से ज्यादा कर दिया है। कंपनी मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन की सप्लाई कोविड-19 से प्रभावित राज्यों को बिना किसी शुल्क के कर रही है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। इस मामले से अवगत लोगों ने जानकारी दी है कि कंपनी की जामनगर रिफाइनरी में शुरुआत में 100 टन ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा था, जिसे तत्काल बढ़ाकर 700 टन से अधिक कर दिया गया है।

गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों को ऑक्सीजन भेजे जाने से प्रतिदिन 70,000 से ज्यादा गंभीर रूप से बीमार लोगों को राहत मिलेगी।

सूत्रों ने बताया कि कंपनी की योजना मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन के उत्पादन को बढ़ाकर 1,000 टन करने की है। कंपनी को इस बारे में टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का अबतक जवाब नहीं मिल सका है।

इससे पहले जामनागर की रिफाइनरियों में मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पादन नहीं होता था। इस रिफाइनरी में डीजल, पेट्रोल और जेट ईंधन का उत्पादन होता है।

एक सूत्र ने जानकारी दी, ”प्रतिदिन करीब 700 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति देश के विभिन्न राज्यों को की जा रही है। इससे प्रतिदिन गंभीर रूप से बीमार 70,000 से ज्यादा मरीजों को राहत मिलेगी।”