Latest News खेल

Tokyo Olympics 2020: महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, अब कमलप्रीत की बारी


  • नई दिल्ली, : जापान के टोक्यो में जारी ओलिंपिक खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। टोक्यो ओलिंपिक में भारत के पदक जीतने की संख्या अब एक से दो हो गई और ये जल्द ही दो से तीन में तब्दील हो सकती है। सोमवार को भारत के पास तीसरा पदक जीतने का मौका है। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू के रजत पदक जीतने के बाद रविवार को बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु ने कांस्य पदक जीता। वहीं, भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी पदक जीतने की उम्मीद जगा दी है।

अब कमलप्रीत की बारी

भारतीय महिला टीम ने आज इतिहास रच दिया है और एक और महिला द्वारा ओलिंपिक खेलों में इतिहास लिखा जा सकता है। चक्का फेंक कमलप्रीत कौर से देश को काफी उम्मीदें हैं। चक्का फेंक में कमलप्रीत कौर ने अपने तीसरे प्रयास में 64 मीटर के थ्रो के साथ क्वालीफिकेशन दौर में दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई। दोनों पूल में 31 खिलाड़ियों को मिलाकर वह सिर्फ अमेरिका की वालारी आलमैन से पीछे दूसरे स्थान पर रहीं, जिन्होंने 66.42 मीटर का थ्रो फेंका। ऐसे में कमलप्रीत के पदक जीतने की संभावना काफी मजबूत हुई है।

निशानेबाजों ने फिर किया निराश

टोक्यो ओलिंपिक में जारी निशानेबाजी प्रतिस्पर्धा में हर एक तरह के खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया। ये सिलसिला 11वें दिन भी जारी रहा, जहां ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर और संजीव राजपूत दोनों 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल शूटिंग के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे। प्रताप सिंह तोमर ने 21वां और संजीव राजपूत ने 32वां स्थान हासिल किया।

भारतीय महिला हॉकी टीम पहुंची सेमीफाइनल में

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला हॉकी टीम के बीच टोक्यो ओलिंपिक 2020 का क्वार्टर फाइनल मैच ओआइ हॉकी स्टेडियम की नोर्थ पिच पर खेला गया। मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीम की तरफ से कड़ी प्रतिद्वंदिता देखी गई और कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। हालांकि, दूसरे क्वार्टर का खेल समाप्त होने के बाद हाफ टाइम में ऑस्ट्रेलिया पर भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली। भारत की तरफ से गुरजीत कौर ने एक गोल किया।

तीसरे क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। वहीं, चौथे क्वार्टर में भी दोनों टीमों की तरफ से कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन चौथे क्वार्टर में आखिरी के कुछ मिनटों का खेल काफी रोमांचक हुआ, जिसमें भारत की तरफ से गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेनाल्टी गोल रोका और भारत को 1-0 से जीत मिली। इसी के साथ टीम ओलिंपिक खेलों के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही।

दुती चंद नहीं कर पाईं क्वालीफाई

भारत की स्टार धाविका दुती चंद सोमवार को यहां ओलिंपिक स्टेडियम ट्रैक 2 में महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहीं। हीट 4 में दौड़ते हुए, दुती ने सीजन की सर्वश्रेष्ठ 23.85 टाइमिंग के साथ समाप्त किया, लेकिन यह अच्छा नहीं रहा, क्योंकि वह 7वें स्थान पर रहीं और परिणामस्वरूप, वह सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रही।

क्रिस्टीन म्बोमा ने 22.11 के समय के साथ इस हीट में शीर्ष स्थान हासिल किया, क्योंकि उन्होंने नामीबिया के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा। यूएसए की गैब्रिएल थॉमस 22.20 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। प्रत्येक हीट में पहले तीन सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं और अगले 3 सबसे तेज (सभी सात हीट संयुक्त) भी अंतिम चार में आगे बढ़ते हैं।