Uncategorized

UP: भाजपाई हुए आजम खान के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू, भपेंद्र चौधरी ने दिलाई पार्टी की सदस्यता


रामपुर, : कानूनी शिकंजे में फंसे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां (Azam Khan) को सोमवार को जोर का झटका धीरे से लगा है।आजम के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां उर्फ शानू (Fasahat Ali Khan Shanu) भाजपा (BJP) में शामिल हो गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रामपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आकाश सक्सेना के कार्यालय पर फसाहत अली खां शानू को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इनके साथ ही आजम खां के करीबी इरशाद महमूद, नवीन शर्मा और वैभव यादव भी भाजपा में शामिल हो गए। नवीन शर्मा लोहिया वाहिनी के नगर अध्यक्ष रहे, जबकि वैभव यादव सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रहे है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का हुआ स्वागत

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी (Bhupendra Singh Chowdhary) सोमवार की सुबह रामपुर पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के चुनाव कार्यालय तक पहुंचने से पहले उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। आकाश के चुनाव कार्यालय पर भी उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।

jagran

भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के कार्यालय पर पहुंचे आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू। जागरण

आजम खां के करीबी हैं फसाहत अली खां उर्फ शानू

शानू की गिनती आजम खां के बेहद करीबी लोगों में होती रही है। आजम खां के साथ ही उनके खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे भी हैं। दो बार प्रशासन उन्हें गुंडा एक्ट लगाकर जिला बदर भी कर चुका है।

अखिलेश के खिलाफ दिया था चर्चित बयान

शानू खां ने विधानसभा चुनाव के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के खिलाफ बयान जारी कर दिया था। कहा था कि अब्दुल ही दरी बिछाएगा। अब्दुल ही वोट देगा। अब्दुल ही जेल जाएगा। अब्दुल का ही घर टूटेगा, लेकिन मुख्यमंत्री बनेंगे अखिलेश जी, नेता प्रतिपक्ष बनेंगे अखिलेश जी। अब अखिलेश जी को उनके कपड़ों से भी बदबू आती है।

शानू का बयान काफी चर्चित रहा था

उनका यह बयान बड़ा चर्चित रहा था। मीडिया में भी कई दिन छाया रहा। तब माना जा रहा था कि यह बयान आजम खां के इशारे पर दिया गया है और आजम खां सपा से किनारा कर सकते हैं, लेकिन बाद में आजम खां और अखिलेश के बीच की दूरियां कम हो गई।