News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

UP : सीएम योगी आदित्यनाथ का सपा पर तंज, बोले-नए उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू नहीं; कांवड़ यात्रा निकलती है


लखनऊ, । रेउसा में शनिवार को आयोजित चुनावी जनसभा में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा आज प्रदेश में शांति का माहौल है। लेकिन 2017 के पहले होली, दीपावली पर अंधेरा रहता था, बिजली कटौती की कोई सीमा नहीं थी। आज लोगों को भरपूर बिजली मिल रही है। किसी तरह का भेदभाव  नहीं होता। 25 करोड़ जनता को सुरक्षा का माहौल देने का कार्य भाजपा की डबल इंजन सरकार ने किया है। अब बेटियां बेखौब स्कूल जाती हैं। योगी ने कहा, पिछली सरकार में जहां दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था, वहां अब कांवड़ यात्रा निकलती है। युवा हर-हर, बम-बम के नारे लगाकर उत्तर प्रदेश में नई शक्ति का संचार करते दिखते हैं।

व्यापारी बिना डर अच्छे माहौल में व्यापार कर रहा है। अब व्यापारियों से गुंडा टैक्स वसूलने की हिम्मत किसी की नहीं है। पहले चाचा-भतीजा वसूली कराते थे। भर्तियों के नाम पर घोटाला होता था। प्रदेश में पांच वर्ष में पांच लाख को नौकरी दे दी। सुरक्षा का प्रबंध होने के कारण खूब निवेश हो रहा है। निवेश का प्रतिफल हमारे नव जवानों को मिल रहा है। हर क्षेत्र में खुशहाली लाने का प्रयास हो रहा है। विकास की नई रफ्तार को प्रदेश पकड़ रहा था, कोरोना महामारी आ गई।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोरोना प्रबंधन का बेहतर प्रबंधन किया गया। जीवन व जीविका को बचाने का प्रयास किया गया। हर व्यक्ति को फ्री में वैक्सीन दी गई। इस वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन बताया गया। आज अपनी वोट से उनको जोरदार तमाचा मारिये, वैक्सीन से हमारी जान बची है तो वाेट भी भाजपा को जाएगा। डबल इंजन की सरकार है। यह सरकार निश्शुल्क राशन दे रही है। क्या 2017 से पहले राशन, बिजली मिलती थी। उनकी संवेदना किसान, गरीब, युवा के प्रति नहीं थी। सीतापुर में भाजपा सरकार ने 2.30 लाख गरीबों को आवास दिए। केवल सेवता में 27 हजार को आवास दिया गया। 5.40 लाख गरीबों को शौचालय मिला। यह काम 2017 से पहले क्यों नहीं होते थे।

करो फर्क साफ है, पहले जो सरकार थी, उसकी संवेदना गांव, किसान, युवा, महिला सुरक्षा के लिए नहीं थी। उनकी संवेदना आतंकवादियों के साथ थी। अहमदाबाद ब्लास्ट में आजमगढ़ का एक आतंकवादी शामिल था। उसके अब्बा सपा के प्रचारक हैं। सपा का हाथ आतंकवादियों के साथ रहा। क्या जिसकी संवेदना आतंकवादियों के साथ थी, उसका समर्थन संभव है। सपा ने आतंकियों पर दायर मुकदमे वापस लेने का काम किया था। अयोध्या व बनारस में आतंकी हमले करने वाले जितने आतंकी थे, उनके मुकदमे वापस लेने का काम तत्कालीन सपा सरकार ने किया। हमारी सरकार आई तो पहला फैसला किया 86 हजार किसानों की कर्ज माफी का किया था। हमारी संवेदना किसान, युवाओं, बेटियों की सुरक्षा के लिए थी। यही कारण है कि प्रथम चरण के मतदान ने साबित कर दिया है कि भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। प्रचंड बहुमत की सरकार ही मजबूत सरकार होगी।