News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

UP Election 2022 Voting LIVE:छह घंटे के मतदान के बाद भी पीलीभीत सबसे आगे, लखनऊ व उन्नाव में मतदाता उदास


लखनऊ (लाइव यूपी चुनाव चरण 4 मतदान 2022): उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए नौ जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया है। पोलिंग पार्टियों ने मतदान प्रक्रिया को प्रारंभ करने के लिए पहले माक पोलिंग से ईवीएम को परखा। चौथे चरण में चार मंत्रियों सहित 624 प्रत्याशी मैदान में हैं। 2017 में नौ जिलों की 59 सीटों में से 51 भाजपा गठबंधन के पास थीं। चार पर समाजवादी पार्टी तथा दो-दो पर बसपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी।

छह घंटे के मतदान के बाद भी पीलीभीत सबसे आगे, लखनऊ व उन्नाव में मतदाता उदास : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में छह घंटे के मतदान के दौरान 59 विधानसभा क्षेत्र में दिन के एक बजे तक 37.45 प्रतिशत मतदान हो गया था। छह घंटे के बाद भी पीलीभीत लगातार सर्वाधिक मतदान प्रतिशत के साथ आगे है। दूसरे स्थान पर लखीमपुर खीरी जिला है। हरदोई, सीतापुर, लखनऊ तथा उन्नाव के मतदाता अभी भी उदास से हैं। पीलीभीत में एक बजे तक 41.23, लखीमपुर खीरी में 40.90, सीतापुर में 36.98, हरदोई में 34.29, उन्नाव में 35.01, लखनऊ में 35.00, रायबरेली में 40.17, बांदा में 37.66 तथा फतेहपुर में 40.35 प्रतिशत मतदान हो गया था।

इसने ईवीएम में साइकिल चुनाव चिन्ह वाले स्थान पर फेविक्विक डाल दिया। जिससे कारण उसका संचालन बंद हो गया। इसकी सूचना बीएलओ ने अधिकारियों को दी तो वहां खलबली मच गई। आनन-फानन में जिला प्रशासन ने ईवीएम बदलवा दी और करीब 15 मिनट बाद मतदान फिर से बहाल हुआ। लखीमपुर खीरी सदर विधानसभा क्षेत्र कादीपुर सानी पोलिंग बूथ का यह प्रकरण सामने आते ही डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने तत्काल ईवीएम चेंज करा दी वहां मतदान दोबारा शुरू हो चुका है।

धूप तेज होने के साथ बढ़ी मतदान की गति, 11 बजे तक 59 सीट पर 22.64 प्रतिशत मतदान: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में चौथे चरण के मतदान में बुधवार को धूप तेज होने के साथ ही मतदाता भी जोश में आ गए। नौ जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में 11 बजे तक 22.64 प्रतिशत मतदान हो गया था। पीलीभीत ने अपनी बढ़त बरकरार रखी है। पीलीभीत में चार घंटे में 27.44 प्रतिशत मतदान हो गया था। इसी के साथ लखीमपुर खीरी में भी मतदाता काफी जोश में हैं। यहां भी 26.28 प्रतिशत मतदान हो गया था। हरदोई, लखनऊ तथा रायबरेली में वोटर अभी भी सुस्त हैं। 11 बजे तक पीलीभीत में 27.44, लखीमपुर खीरी में 26.28, सीतापुर में 22.13, हरदोई में 20.13, उन्नाव में 21.36, लखनऊ में 21.24, रायबरेली में 21.24, बांदा में 23.92 तथा फतेहपुर में 22.52 प्रतिशत मतदान हो गया था।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में परिवार के साथ किया मतदान, लोगों से वोट भी करने का आग्रह: 

लखनऊ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद तथा देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लखनऊ में मतदान किया। राजनाथ सिंह ने अपनी पत्नी, बेटे नीरज तथा पुत्रवधू के साथ गोमती नगर के विपुल खंड के मतदान केन्द्र में जाकर अपने अधिकार का प्रयोग किया। राजनाथ सिंह ने मतदान के बाद कहा कि उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान हो रहा है।

लखनऊ समेत इस चरण की कुल 59 सीटों पर सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना मताधिकार का प्रयोग करें और नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें। पहली बार वोट कर रहे मतदाताओं से विशेष आग्रह है कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने आगे आयें। राजनाथ सिंह ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जितनी सीटों पर कामयाबी हासिल हुई थी, लगभग उतनी ही सीटों पर हमें इस बार भी कामयाबी हासिल होगी। हमारी सरकार के प्रदर्शन के आधार पर लोग इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि सचमुच प्रदेश में सुशासन और विकास की सरकार देने वाली पार्टी भाजपा है।

नौ बजे तक 9.10 प्रतिशत मतदान, पीलीभीत में पड़े सर्वाधिक वोट, रायबरेली में मतदाता सुस्त : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान में सुबह से ही लोगों के केन्द्रों पर पहुंचने के बीच दो घंटे में 9.10 प्रतिशत मतदान हो गया है। नौ जिलों की 59 विधानसभा सीट पर हो रहे मतदान के दौरान पीलीभीत के मतदाता सात से नौ बजे के बीच काफी चुस्त रहे। सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में इस दौरान सबसे कम वोट पड़े हैं। पीलभीत में 10.64 प्रतिशत, लखीमपुर खीरी में 10.43, सीतापुर में 9.59, हरदोई में 8.14, उन्नाव में 9.26, लखनऊ में 8.06, रायबरेली में 8.03, बांदा में 8.81 तथा फतेहपुर में 9.69 प्रतिशत मतदान हो गया था।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री मोहसिन रजा ने लखनऊ में सपरिवार किया मतदान : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में चौथे चरण का मतदान जारी है। लखनऊ में लोग सुबह से ही घरों से निकलकर मतदान केन्द्र पहुंच रहे हैं। लखनऊ में बसपा अध्यक्ष मायावती के बाद अन्य नेताओं ने भी अपने घर के निकट के केन्द्र पर जाकर मतदान किया। योगी आदित्यनाथ सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा ने अपनी पत्नी तथा पुत्र के साथ गोमती नगर के विवेक खंड में सेंट जान बास्को स्कूल के मतदान केन्द्र में जाकर वोट डाला। मोहसिन ने कहा कि आज लोकतंत्र के महापर्व में उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनता भाजपा के पक्ष में वोट कर रही है क्योंकि आज उत्तर प्रदेश सु​रक्षित हाथों में है। केन्द्र सरकार में मंत्री कौशल किशोर ने मलिहाबाद से भाजपा प्रत्याशी विधायक जया देशी कौशल के साथ मतदान किया। नगर की महापौर संयुक्ता भाटिया ने अपने परिवार के साथ आलमबाग के सिंगार नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मतदान किया।

बसपा अध्यक्ष मायावती ने लखनऊ में डाला अपना वोट : बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बुधवार को प्रात: सात बजे लखनऊ में मतदान किया। माल एवेन्यू में बसपा मुखिया ने अपने आवास के पास ही लखनऊ मांटेसरी स्कूल में जाकर अपना वोट डाला। लखनऊ मांटेसरी स्कूल में सुबह से ही लाइन लगी थी, इसी बीच में मायावती ने भी लाइन में लगकर अपने अधिकार का प्रयोग किया। लखनऊ मोंटेसरी स्कूल में बने मतदान केन्द्र में चौथे चरण के लिए चार बूथों पर मतदान हो रहा है।

चौथे चरण में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बांदा व फतेहपुर में मतदाता सुबह से ही मतदान करने से लिए लाइन में लगे हैं। चौथे चरण में 2.13 करोड़ मतदाता 624 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 91 महिला प्रत्याशी हैं। इस चरण में 16 सीटें सुरक्षित हैं। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 2017 में इन सीटों पर 62.55 प्रतिशत मतदान हुआ था।

दांव पर कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा: चौथे चरण में योगी आदित्यनाथ सरकार के चार मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। लखनऊ पूर्व से नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन व लखनऊ कैंट से कानून मंत्री ब्रजेश पाठक चुनाव लड़ रहे हैं। रणवेंद्र प्रताप सिंहउर्फ धुन्नी सिंह फतेहपुर की हुसैनगंज व सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) कोटे से मंत्री जय कुमार सिंह जैकी बिंदकी सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रवर्तन निदेशालय से नौकरी छोड़कर आए राजेश्वर सिंह लखनऊ की सरोजनीनगर से भाजपा उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमा रहे हैं। इस सीट से सपा सरकार में मंत्री रहे अभिषेक मिश्र उनको टक्कर देने के लिए खड़े हैं। लखनऊ मध्य से सपा के रविदास मल्होत्रा की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। विधान सभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल इसी चरण में हरदोई से चुनाव लड़ रहे हैं। रायबरेली में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं अदिति सिंह मैदान में हैं। रायबरेली की ऊंचाहार सीट से सपा के पूर्व मंत्री मनोज पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं।