News TOP STORIES आज़मगढ़ उत्तर प्रदेश चंदौली जौनपुर नयी दिल्ली बलिया भदोही, ज्ञानपुर मऊ मिर्जापुर राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी सोनभद्र

UP Election Result : पश्चिमी यूपी की ज्यादातर सीटों पर भाजपा आगे, पूर्वांचल में हार सकते हैं कुछ मंत्री


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना के अब तक रुझान में भाजपा बहुमत के जादुई आंकड़े से काफी आगे निकलती दिख रही है। चुनाव से ठीक पहले हुए किसान आंदोलन के कारण पश्चिम यूपी में भाजपा को बड़े नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा था। हालांकि रुझान इसके ठीक विपरीत दिख रहे हैं। अब तक के रुझानों में भाजपा पश्चिमी यूपी की ज्यादातर सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि पूर्वांचल में भाजपा के कुछ मंत्री पीछे छूटते दिख रहे हैं। उधर रुझानों में भाजपा की बढ़त को देखकर कार्यकर्ताओं ने अभी से जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

  • ढोल-नगाड़े संग झूम रहे भाजपा कार्यकर्ता

    वाराणसी सिगरा स्थिति भाजपा कार्यालय पर जश्न का माहौल है। जैसे-जैसे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में रुझान आ रहे हैं, पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता जा रहा है। वाराणसी के भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों संग जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

  • चौथे राउंड में केशव प्रसाद मौर्य हुए पीछे

    कौशांबी जिले की सिराथू सीट पर चौथे चरण की मतगणना तक उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 2821 मतों से पीछे हो गए हैं। केशव प्रसाद मौर्य को कुल 11,492 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि सपा उम्मीदवार पल्लवी पटेल को चौथे राउंड तक कुल 14,313 मत प्राप्त हुए हैं।

  • सीएम योगी आदित्यनाथ तीन गुना मतों से आगे

     

    गोरखपुर शहरी सीट पर 11वें चरण की मतगणना तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काफी बड़ी बढ़त बना ली है। वह दूसरे नंबर पर चल रहे सपा प्रत्याशी से 36,722 मतों से आगे चल रहे हैं।

    1. भाजपा  आदित्यनाथ  55586
    2. सपा       सुभावती      18864
    3. बसपा     शमशुद्दीन     3319
    4. कांग्रेस     चेतना           873
    5. आसपा   चंद्रशेखर       2948
    (11वें चरण के बाद प्रमुख प्रत्याशियों की स्थिति)

     


  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को बढ़त

     

    विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश किसान आंदोलन का गढ़ बन चुका था। विपक्षी दलों ने किसान आंदोलन के बहाने यहां भाजपा को पटखनी देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। बावजूद पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा का पलड़ा भारी दिख रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन जिलों गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और हापुड़ की सभी 11 सीटों पर भाजपा आगे है।

     


  • पूर्वांचल में कई मंत्री चल रहे पीछे

     

    यूपी विधानसभा चुनावों का सातवां और अंतिम चरण पूर्वांचल में था। अंतिम चरण में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। बावजूद अब तक के रुझानों में पूर्वांचल में भाजपा के कई मंत्री पीछे छूटते दिख रहे हैं। बलिया में दोनों मंत्री उपेंद्र तिवारी और आनंद स्‍वरूप शुक्‍ला, सपा उम्‍मीदवारों से पीछे हैं। जौनपुर में मंत्री गिरीश यादव भी सपा उम्‍मीदवार से पीछे चल रहे हैं। हालांकि वाराणसी में लगातार पीछे चल रहे मंत्री नीलकंठ तिवारी अब 4000 मतों से आगे निकल चुके हैं।

     

  • काफी पीछे छूटती दिख रही बसपा-कांग्रेस

     

    यूपी के रण में बसपा और कांग्रेस काफी पीछे छूटती दिख रही है। दोपहर 12:10 बजे तक यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। इन रुझानों में भाजपा गठबंधन 257 सीटों पर आगे दिख रही है। वहीं सपा 136 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं बसपा और कांग्रेस बहुमत की दौड़ में काफी पीछे छूटती दिख रही है। रुझानों में बसपा मात्र 04 और कांग्रेस केवल 03 सीटों पर आगे दिख रही है।

  • यूपी की राजनीति में इतिहास रचने की ओर योगी

     

    उत्तर प्रदेश मतगणना के अब तक के रुझान, भाजपा की बंपर जीत की तरफ इशारा कर रहे हैं। अगर ये रुझान परिणामों में तब्दील होते हैं तो भाजपा एक बार फिर यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। अगर ऐसा हुआ तो यूपी में लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाली भाजपा पहली पार्टी होगी।

  • रुझानों में बहुमत से काफी आगे निकली भाजपा

     

    अब तक रुझानों में भाजपा उत्तर प्रदेश में बहुमत की दौड़ में काफी आगे निकलती दिख रही है। 403 सीटों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 202 सीटों का है। इसके मुकाबले दोपहर 12 बजे तक के रुझानों में भाजपा 258 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

  • भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

     

    उत्तर प्रदेश के शुरूआती रुझानों में भाजपा की बढ़त से कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। भाजपा के विभिन्न कार्यालयों में कार्यकर्ता का उत्साह देखा जा सकता है। भाजपा के लखनऊ स्थिति कार्यालय पर पीएम मोदी के कटआउट के साथ कार्यकर्ताओं ने अभी से जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

  • चौथा चरण : शाहजहांपुर की 06 में से 04 सीटों पर भाजपा को बढ़त

     

    शाहजहांपुर कटरा विधानसभा सीट पर भाजपा के विक्रम सिंह, सपा प्रत्याशी राजेश यादव से आगे हैं। पुवायां सीट पर भाजपा के चेतराम, सपा उम्मीदवार उपेंद्र पाल सिंह से आगे हैं। शाहजहांपुर शहरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी व मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सपा प्रत्याशी तनवीर खान से आगे हैं। ददरौल सीट पर भाजपा के मानवेंद्र सिंह, सपा के राजेश वर्मा से आगे चल रहे हैं। जलालाबाद सीट पर सपा के नीरज मौर्य, भाजपा के हरिप्रकाश वर्मा से आगे चल रहे हैं। तिलहर में भी सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा, भाजपा के सलोना कुशवाहा से हैं।

  • वाराणसी पिंडरा सीट पर जीत दोहराने की ओर भाजपा

     

    वाराणसी पिंडरा सीट पर 09 चरण की मतगणना हो चुकी है। अब तक रुझानों में इस सीट पर भाजपा एक बार फिर जीत दोहराने की ओर बढ़ रही है। इस सीट पर मौजूदा विधायक डा. अवधेश 11,000 मतों से आगे चल रहे हैं। वाराणसी पिंडरा सीट से पांच बार विधायक रहे कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री अजय राय तीसरे नंबर पर हैं।

    1. अवधेश सिंह – भाजपा – 26328
    2. बाबूलाल – बसपा – 15616
    3. अजय राय – कांग्रेस – 1359

  • भाजपा का गढ़ रही है वाराणसी शहर दक्षिण सीट

     

    वाराणसी शहर दक्षिण सीट पर हमेशा से भाजपा का दबदबा रहा है। हर बार के चुनाव में इस सीट पर भाजपा को एक तरफा जीत मिलती रही है। इस सीट पर नौ बार भाजपा से श्यामदेव राय चौधरी दादा विधायक बने। पूर्व के चुनावों में दूसरे नंबर पर कांग्रेस के डा. दयाशंकर मिश्र दयालु रहते थे, जो इस बार भाजपा में ही हैं।

  • वाराणसी शहर दक्षिणी से मंत्री डा. नीलकंठ पीछे

     

    वाराणसी शहर दक्षिणी से सपा प्रत्याशी किशन दीक्षित ने पहले चक्र में 5454 मतों से बढ़त बनाई है। उनको अब तक कुल 7124 मत मिले हैं। इस सीट पर यूपी के मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी दूसरे स्थान पर हैं। उनको 1670 मत मिले हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस की मुदिता कपूर हैं जिनको मात्र 95 मत मिले हैं।

  • फर्रूखाबाद से भाजपा प्रत्याशी आगे

     

    छठवें चरण की मतगणना तक फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के नागेंद्र सिंह राठौर, 5688 मतों से आगे चल रहे हैं। नागेंद्र सिंह को अब तक कुल 21791 मत मिल चुके हैं। यहां सपा के अरशद जमाल सिद्दीकी 16103 मत पाकर दूसरे नंबर पर हैं।

     


  • ऊंचाहार में भाजपा तीसरे नंबर पर

     

    अभी तक के रुझानों में ऊंचाहार में सपा प्रत्याशी मनोज कुमार पांडेय सबसे आगे चल रहे हैं। बसपा उम्मीदवार अंजली मौर्य दूसरे नंबर पर। वहीं भाजपा के अमरपाल मौर्य यहां तीसरे स्थान पर हैं।

     


  • रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी अदिति सिंह आगे

     

    चार चरण की मतगणना के बाद रायबरेली में भाजपा की अदिति सिंह, सपा के आरपी यादव से आगे चल रहीं हैं। वहीं बछरावां में बीजेपी-अपना दल गठबंधन के प्रत्याशी लक्ष्मीकांत आगे हैं। बछरांवा में सपा प्रत्याशी श्याम सुंदर भारती दूसरे नंबर पर।

     


  • सुरेश खन्ना 3000 वोटो से आगे

     

    शाहजहांपुर नगर सीट से भाजपा के सुरेश खन्ना 3000 वोटों से आगे चल रहे। कुशीनगर के पडरौना से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने भी बढ़त बनाई है।

     


  • दो राउंड के बाद केशव प्रसाद मौर्य पीछे

     

    कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दो राउंड के बाद 455 मतों से पीछे हो गए हैं। उन्हें अब तक 6189 वोट मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल को 6644 मत प्राप्त हुए हैं। दूसरे राउंड तक केशव प्रसाद मौर्य आगे चल रहे थे। यहां मुकाबला कांटे का नजर आ रहा है।

     


  • मुख्तार अंसारी का बेटा मऊ में पीछे

     

    मऊ सदर से सुहेलदेव भारती समाज पार्टी का प्रत्याशी अब्बास अंसारी पीछे चल रहा है। अब्बास अंसारी बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे हैं। अब्बास का यह दूसरा विधानसभा चुनाव है। भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह यहां से आगे हैं। मुख्तार के बड़े भाई का बेटा सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू गाजीपुर में सपा प्रत्याशी के तौर पर बढ़त बनाए हुए है।

     


  • भाजपा-सपा के बीच मुख्य मुकाबला

     

    उत्तर प्रदेश विधानसभा की मतगणना हमेशा की तरह पोस्टल बैलट से शुरू हुई। पोस्टल बैलट की गिनती से लेकर अब तक के रुझानों में यूपी के राजनीतिक रण का मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच नजर आ रहा है। वहीं बसपा व कांग्रेस समेत अन्य दल अभी तक के रुझानों में काफी पीछे नजर आ रहे हैं।

     


  • केशव मौर्य सिराथू सीट से आगे

     

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। वहीं बलिया के फेफना से मंत्री उपेंद्र तिवारी ने बढ़त बनाई हुई है।

     


  • गोरखपुर से योगी आदित्यनाथ आगे

     

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर विधानसभा सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। अभी तक के रुझानों में वह 16 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। मतगणना शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर गए और भगवान के दर्शन किये।