Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Weather Updates: आंधी से होगी सप्ताह की शुरुआत, मंगलवार से गर्मी और तापमान दोनों में होगा इजाफा


नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। आंशिक तौर पर बादल छाए रहने से धूप की तपन और लू से राहत मिलने का दौर खत्म हो गया है। अब फिर से आसमान साफ रहेगा। इस दौरान धूप की तपन बढ़ेगी और तापमान में भी इजाफा होगा। इस बीच मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को सुबह से लेकर शाम तक आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं स्काईमेट वेदर के मुताबिक सोमवार को मौसम हल्की करवट ले सकता है। धूल भरी आंधी भी चल सकती है। इससे इतर पूरे सप्ताह आसमान साफ रहेगा। गर्मी और तापमान दोनों में इजाफा होगा।

 

फिर बढ़ने लगी गर्मी, अगले सप्ताह 43 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले एक सप्ताह में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच जाएगा। लू भी दोबारा से चलेगी।इस बीच शुक्रवार को दिन भर खिली रही तेज धूप के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 23 से 55 प्रतिशत रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान नजफगढ़ में 41.3 डिग्री जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान स्पोर्टस काम्प्लेक्स में 27.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। राजधानी दिल्ली के सभी स्वचालित मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 37.7 से 41.3 डिग्री सेल्सियस से बीच दर्ज हुआ।