Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

अब आप भी जान सकेंगे मंगल पर चहलकदमी करते मार्स रोवर परसिवरेंस की लेटेस्‍ट पॉजीशन


नई दिल्‍ली । मंगल पर भेजे गए नासा के मार्स रोवर परसिवरेंस और हेलीकॉप्‍टर इंजेंविनिटी पर लगातार वैज्ञानिकों की निगाह लगी है। नासा के पास में लगातार इसकी लेटेस्‍ट जानकारी होती है। लेकिन अब उन लोगों के लिए जिन्‍हें नासा के इस मिशन में दिलचस्‍पी है, उनके लिए भी एक खास खबर सामने आई है। नासा के मुताबिक अब कोई भी, कहीं भी लाल ग्रह पर मौजूद मार्स परसिवरेंस की लेटेस्‍ट पॉजीशन को जा सकेगा। इसके लिए उसको नासा के दिए एक लिंक पर बस क्लिक करना होगा।

इस एक लिंक से नासा के इस मिशन की जानकारी रखने वालों को कई तरह की और अधिक दिलचस्‍प जानकारियां भी मिल सकेंगी। जैसे मार्स परसिवरेंस जब मंगल की सतह पर 18 फरवरी को उतरा था तो वो जगह कहां पर थी। इसके बाद ये रोवर मंगल की सतह पर कहां-कहां अब तक घूम चुका है। मंगल की सतह पर हेलीकॉप्‍टर इंजेंविनिटी को बाहर करने से पहले इसके कहां पर डेबरी शील्‍ड को गिराया था और कहां पर इंजेंविनिटी को बाहर निकाल कर टच डाउन करवाया था। साथ ही ये भी पता चल सकेगा कि इस हैलीकॉप्‍टर का फ्लाइट जोन या उसकी एयरफील्‍ड मार्स परसिवरेंस से कितनी दूर है और कितनी बड़ी है।

वर्तमान में यदि मार्स रोवर परसिवरेंस की बात करें तो फिलहाल अपनी पहले वाली पॉजीशन से करीब 270 मीटर की दूरी पर है। नासा ने मार्स परसिवरेंस के अकाउंट से ट्वीट किया है कि मैं कई मोड़ लेते हुए अपनी पहले की पॉजीशन से करीब 0.17 मील (270 मीटर) की दूरी पर हूं। जिस मैप पर आप रोवर की लेटेस्‍ट पॉजीशन की जानकारी ले सकते हैं उसकी कुछ और भी खासियत है। जैसे इस मैप को कहीं भी घुमाया जा सकता है। साथ ही इसको जूम आउट और जूम इन किया जा सकता है।