News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

अब सोशल मीडिया पोस्ट पर घिरे Nitish Kumar, डेढ़ घंटे के अंदर दो बार साझा की ‘मन की बात


पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जननायक कर्पूरी ठाकुर को केंद्र सरकार ने भारत रत्न सम्मान देने की घोषणा कर दी। सरकार के इस फैसले का कई दलों ने स्वागत किया है। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस फैसले पर खुशी जताई है। हालांकि, सीएम नीतीश का सोशल मीडिया पर आया रिएक्शन चर्चा का विषय बन गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार रात करीब 9.14 बजे केंद्र सरकार के फैसले को लेकर अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट साझा की थी। इसमें उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री और महान समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ दिया जाना हार्दिक प्रसन्नता का विषय है।

केंद्र सरकार का यह अच्छा निर्णय है। कर्पूरी ठाकुर को उनकी 100वीं जयंती पर दिया जाने वाला यह सर्वोच्च सम्मान दलितों, वंचितों और उपेक्षित तबकों के बीच सकारात्मक भाव पैदा करेगा। हम हमेशा से ही कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ देने की मांग करते रहे हैं। वर्षों की पुरानी मांग आज पूरी हुई है।

सीएम ने डिलीट किया पोस्ट

हालांकि, सीएम नीतीश कुमार ने अपने एक्स हैंडल से इस पोस्ट को करीब 1 घंटा 36 मिनट बाद डिलीट कर दिया। इसके बाद उन्होंने रात 10.50 बजे नई संशोधित पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

अपनी नई पोस्ट में सीएम नीतीश कुमार ने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री और महान समाजवादी नेता स्व. कर्पूरी ठाकुर जी को देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ दिया जाना हार्दिक प्रसन्नता का विषय है। केंद्र सरकार का यह अच्छा निर्णय है। स्व. कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी 100वीं जयंती पर दिया जाने वाला यह सर्वोच्च सम्मान दलितों, वंचितों और उपेक्षित तबकों के बीच सकारात्मक भाव पैदा करेगा। हम हमेशा से ही स्व. कर्पूरी ठाकुर जी को ‘भारत रत्न’ देने की मांग करते रहे हैं। वर्षों की पुरानी मांग आज पूरी हुई है। इसके लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को धन्यवाद।

सियासी अटकलें हुईं तेज

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सोशल मीडिया पर पोस्ट को डिलीट करने और संशोधित पोस्ट साझा करने को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। जानकार इसे उनकी भाजपा के साथ एक बार फिर नजदीकी बढ़ने के कयास की तरह देख रहे हैं। कयास हैं कि आईएनडीआईए से नीतीश की बढ़ती दूरी प्रदेश में नए सियासी समीकरण गढ़ सकती है।

बिहार के दलों में श्रेय लेने की होड़

बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के ऐलान के बाद इसे लेकर श्रेय लेने की होड़ मच गई है। भारतीय जनता पार्टी, राजद, जदयू, हम और अन्य छोटे-बड़े दल अपने-अपने तरीके से इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं। सभी दलों का कहना है कि वह ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग लंबे समय से उठाते रहे हैं।