पटना

आपसी सौहार्द से निश्चित तौर पर विकास होगा : नीतीश


जब हमलोग सरकार में नहीं थे तो बिहार में रोज झगड़े होते थे, जनसंवाद यात्रा के अंतिम दिन बिहारशरीफ में मुख्यमंत्री का जोरदार अभिनंदन

बिहारशरीफ। जनसंवाद यात्रा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहारशरीफ में लगभग 6 घंटे तक परिभ्रमण करते रहे और इस दौरान जगह-जगह पर लोगों द्वारा उनका फूल-माला और गगनभेदी नारे के साथ स्वागत किया गया।

पूरा दिन बिहारशरीफ शहर में उत्सवी माहौल दिखा। प्रायः सड़कों पर लोग सुबह से ही जमे थे। हाथ में फूल का माला, गुलदस्ता लिये पुरुष-महिला और युवा नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। जगह-जगह पर बैंड-बाजा आदि की धुनें बज रही थी और यह सिलसिला तब थमा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शहर से प्रस्थान कर गये। अपराह्न 11 बजे के करीब मुख्यमंत्री बिहारशरीफ शहर में इंट्री किये और लगभग 4 बजे शहर से प्रस्थान किये और तब तक पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा। बाजार खुली जरूर थी लेकिन लोगों का हुजूम सड़कों पर थी।

बिहारशरीफ टाउन हॉल में कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव पर शहरवासियों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आपलोगों का स्नेह और समर्थन के भरोसे मैं यहां तक पहुंचा हूं। आपलोगों का यह सहयोग और समर्थन मैं जिंदगी भर नहीं भूलूंगा। आपलोग आपसी सौहार्द और भाईचारा बना कर रखे, निश्चित तौर पर विकास होकर रहेगा। मैं लगातार राज्य के विकास के साथ-साथ आपके विकास के लिए सजग रहा हूं, काम किया हूं और आगे भी करता रहूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमलोग सरकार में नहीं थे तो रोज राज्य में झगड़ा ही झगड़ा होता था। आपस में लोग लड़ते थे, लेकिन अब यह सब नहीं हो रहा है। आपलोग जिस भाईचारगी के साथ रह रहे है वह मेलजोल बनाये रखे। विकास के लिए यह जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहारशरीफ राज्य के उन चार शहरों में एक है, जिसे केंद्र सरकार स्मार्ट सिटी बनाना चाहती है। हमलोग और केंद्र की सरकार इस शहर को स्मार्ट बनाना चाहते है, जिसके लिए मैंने शहर का भ्रमण किया है और मेरी सोच है कि जहां-जहां जो कमियां है उसे दूर कर शहर को स्मार्ट बनाया जाय। मुख्यमंत्री ने आज फिर दोहराया कि आपलोगों ने जो ताकत दी है उसे अपलोगों के विकास में लगाया हूं और आगे भी आपके विकास के लिए काम करता रहूंगा। मुख्यमंत्री सोहडीह में जैविक खेती का अवलोकन किया और जैविक खेती से जुड़े किसानों से इससे होने वाले फायदे की जानकारी ली। बाद में मुख्यमंत्री बिहारशरीफ नया बाइपास का निरीक्षण किये और निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशानिर्देश दिया।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. सुनील कुमार, विधान पार्षद रीना यादव, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त परामर्शी मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पटना के प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि, पटना प्रक्षेत्र के महानिरीक्षक राकेश राठी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नालंदा डीएम, एसपी आदि लोग मौजूद थे।